Meta सितंबर 2025 में अपनी नई कैमरे वाली स्मार्टवॉच लॉन्च कर सकता है। चीन की Huaqin Technology इस डिवाइस का निर्माण करेगी। यह स्मार्टवॉच AI फीचर्स के साथ Meta Connect इवेंट में पेश हो सकती है।
Meta Platforms एक बार फिर अपने कैमरे वाली स्मार्टवॉच प्रोजेक्ट पर काम कर रही है। यह वही प्रोजेक्ट है जिसकी शुरुआत 2021 में हुई थी, लेकिन तकनीकी कारणों से जून 2022 में इसे रोक दिया गया था। अब नई रिपोर्ट के अनुसार, Meta की स्मार्टवॉच को सितंबर 2025 में Meta Connect इवेंट के दौरान लॉन्च किया जा सकता है। यह स्मार्टवॉच Meta AI Glasses के साथ पेश की जाएगी।
लॉन्च डेट और निर्माता कंपनी
रिपोर्ट में बताया गया है कि यह स्मार्टवॉच सितंबर के तीसरे सप्ताह में आयोजित Meta Connect सम्मेलन (17-18 सितंबर, अमेरिका) में पेश की जा सकती है। साथ ही, चीन की कंपनी Huaqin Technology इस डिवाइस की प्रमुख निर्माता होगी।
स्मार्टवॉच के फीचर्स
स्मार्टवॉच में एक इनबिल्ट कैमरा होगा, जो इसे Apple Watch और Samsung Galaxy Watch से अलग बनाएगा।
कैमरा की मदद से AI आधारित रियल-टाइम विज़ुअल प्रोसेसिंग और जेस्चर रिकग्निशन जैसी उन्नत तकनीकें उपलब्ध हो सकती हैं।
डिज़ाइन के अनुसार, डिवाइस की स्क्रीन किनारों से घुमावदार होगी और डिस्प्ले के नीचे कैमरा लगा होगा।
स्मार्टवॉच में दाईं ओर फिजिकल बटन भी होगा।
रिपोर्ट में विरोधाभास
हालांकि, रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि यह निश्चित नहीं है कि स्मार्टवॉच Meta Connect इवेंट में वाकई पेश की जाएगी या नहीं, इसलिए इस डिवाइस का भविष्य अभी अनिश्चित है।
पिछले प्रोजेक्ट को क्यों रोका गया था?
2022 में स्मार्टवॉच प्रोजेक्ट को रोकने का कारण था तकनीकी समस्या। स्मार्टवॉच में शामिल दूसरा कैमरा उस फीचर के साथ टकरा रहा था, जो कलाई की नसों से सिग्नल लेकर उन्हें डिजिटल कमांड में बदलता है। इसी वजह से प्रोजेक्ट को तब स्थगित किया गया था।


