हरियाणा सरकार द्वारा पानीपत जिले के मतलौडा गांव को नगरपालिका घोषित किए जाने पर क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। इस निर्णय के लिए प्रदेश के विकास एवं पंचायत मंत्री Krishna Lal Panwar सहित मतलौडा क्षेत्र के नागरिकों ने मुख्यमंत्री Nayab Singh Saini का आभार व्यक्त किया है। इस संबंध में शहरी स्थानीय निकाय विभाग, हरियाणा द्वारा अधिसूचना भी जारी कर दी गई है।
मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने इसे नववर्ष पर क्षेत्र को मिली एक ऐतिहासिक सौगात बताते हुए कहा कि मतलौडा को नगरपालिका का दर्जा मिलने से सुनियोजित शहरी विकास को गति मिलेगी और नागरिक सुविधाओं में व्यापक सुधार होगा। उन्होंने कहा कि यह निर्णय क्षेत्र के सामाजिक, आर्थिक और बुनियादी ढांचे के विकास में मील का पत्थर साबित होगा।
उन्होंने बताया कि नगरपालिका बनने के बाद मतलौडा क्षेत्र में सड़कों का निर्माण, पेयजल आपूर्ति, सीवरेज व्यवस्था, स्वच्छता अभियान, स्ट्रीट लाइट, पार्कों का विकास, बाजारों का सौंदर्यीकरण तथा अन्य नागरिक सुविधाओं के विस्तार को प्राथमिकता के आधार पर लागू किया जाएगा। इससे आम जनता को बेहतर शहरी सेवाएं उपलब्ध होंगी।
मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार “सबका साथ–सबका विकास” के संकल्प के साथ कार्य कर रही है और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा निरंतर विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। उन्होंने क्षेत्रवासियों को भरोसा दिलाया कि नगरपालिका गठन के बाद विकास कार्यों में और तेजी लाई जाएगी, ताकि जनहित से जुड़े कार्य समयबद्ध ढंग से पूरे हो सकें।


