मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने आंध्र प्रदेश के श्रीहरिकोटा से भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) द्वारा प्रक्षेपित LVM3-M6 मिशन की शानदार सफलता पर वैज्ञानिकों को हार्दिक बधाई दी। इस मिशन के तहत BlueBird Block-2 उपग्रह को उसकी निर्धारित और सटीक कक्षा में सफलतापूर्वक स्थापित किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह उपलब्धि भारत की उन्नत अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी क्षमता, वैज्ञानिकों की कड़ी मेहनत और तकनीकी उत्कृष्टता का सशक्त प्रमाण है। उन्होंने इसे देश के लिए गर्व का क्षण बताते हुए कहा कि ऐसे सफल अभियानों से भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा और मजबूत होती है।
सीएम नायब सिंह सैनी ने अपने संदेश में कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में यह सफलता अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी में भारत की बढ़ती शक्ति और ‘आत्मनिर्भरता’ का जीता-जागता प्रमाण है।”
उन्होंने ISRO के वैज्ञानिकों, इंजीनियरों और तकनीकी टीम के समर्पण की सराहना करते हुए विश्वास जताया कि आने वाले समय में भारत अंतरिक्ष अनुसंधान के क्षेत्र में और भी नई ऊंचाइयों को छुएगा। यह मिशन न केवल वैज्ञानिक उपलब्धि है, बल्कि ‘मेक इन इंडिया’ और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को भी सुदृढ़ करता है।


