Lenskart IPO: लेंसकार्ट ने IPO के लिए ड्राफ्ट फाइल किया, 8500 करोड़ रुपये जुटाने की योजना। कंपनी 2150 करोड़ रुपये के नए शेयर जारी करेगी और मौजूदा शेयरधारक ऑफर फॉर सेल करेंगे।
Lenskart IPO: भारत के प्रमुख आईवियर ब्रांड लेंसकार्ट ने अपनी आईपीओ (IPO) योजना को लेकर स्टॉक एक्सचेंज में ड्राफ्ट फाइल किया है। कंपनी इस आईपीओ के माध्यम से करीब 8500 करोड़ रुपये (लगभग 1 अरब डॉलर) जुटाने का लक्ष्य रख रही है। इसके तहत लेंसकार्ट सॉल्यूशंस 2150 करोड़ रुपये तक के नए शेयर जारी करेगी, जबकि मौजूदा शेयरधारक ऑफर फॉर सेल (OFS) के जरिए अपने शेयर बेच सकेंगे। कंपनी इस साल के अंत तक शेयर बाजार में लिस्टेड होने की तैयारी में है।
लेंसकार्ट के संस्थापक और प्रमुख निवेशक
लेंसकार्ट की स्थापना अमित चौधरी, पीयूष बंसल, नेहा बंसल, और सुमित कपाही ने की थी। इस आईवियर कंपनी में टेमासेक, अल्फावेव ग्लोबल, सॉफ्टबैंक, केकेआर, केदारा कैपिटल और टीपीजी जैसे बड़े निवेशकों ने भी निवेश किया है।
भारत का अग्रणी आईवियर ब्रांड
लेंसकार्ट देश भर में लगभग 2000 फिजिकल स्टोर के साथ-साथ ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर भी अपनी सेवाएं देता है। हाल ही में कंपनी ने अपने नाम में बदलाव करते हुए लेंसकार्ट सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड से बदलकर लेंसकार्ट सॉल्यूशंस लिमिटेड कर लिया है।
राजस्व में जबरदस्त बढ़त
वित्तीय वर्ष 2023 में लेंसकार्ट का राजस्व 44.3 करोड़ डॉलर था, जो वित्तीय वर्ष 2024 में बढ़कर 64.5 करोड़ डॉलर पहुंच गया, यानी 46% की वृद्धि। वित्तीय वर्ष 2025 में कंपनी का राजस्व 75.5 करोड़ डॉलर तक पहुंचने की उम्मीद है, जो पिछले साल से लगभग 17% ज्यादा है।
CEO पीयूष बंसल का नेतृत्व
लेंसकार्ट की स्थापना 2010 में पीयूष बंसल ने की थी और वे अभी भी कंपनी के CEO के रूप में कार्यरत हैं। लेंसकार्ट चश्मे के साथ-साथ कॉन्टैक्ट लेंस भी बेचता है और भारत की आईवियर इंडस्ट्री में एक बड़ा नाम बन चुका है।


