हरियाणा सरकार जनसेवा के अपने संकल्पों को धरातल पर उतारने की दिशा में तेज़ी से आगे बढ़ रही है। चुनाव के दौरान किए गए 217 संकल्पों में से अब तक 54 संकल्पों को सफलतापूर्वक पूरा किया जा चुका है। इन उपलब्धियों में महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल ‘लाडो लक्ष्मी योजना’ भी शामिल है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। इसी कड़ी में लाडो लक्ष्मी योजना के तहत पात्र महिलाओं को ₹2100 की आर्थिक सहायता सीधे उनके बैंक खातों में प्रदान की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने प्रदेश की पात्र महिलाओं से अपील की है कि वे जल्द से जल्द योजना के अंतर्गत अपना पंजीकरण कराएं, ताकि इस सहायता का लाभ समय पर उन्हें मिल सके। उन्होंने कहा कि मातृशक्ति का सशक्त होना ही समाज और प्रदेश के समग्र विकास की मजबूत नींव है।
सरकार का मानना है कि लाडो लक्ष्मी योजना जैसी जनकल्याणकारी पहलें न केवल महिलाओं की आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ करेंगी, बल्कि परिवार और समाज में उनके आत्मविश्वास और निर्णय क्षमता को भी बढ़ावा देंगी।


