Khan Sir Marriage News: फेमस यूट्यूबर और शिक्षक खान सर ने प्राइवेट तरीके से शादी कर ली। वीडियो में दी जानकारी, 6 जून को भोज का ऐलान।
Khan Sir Marriage News: देशभर के लाखों छात्रों के चहेते शिक्षक और यूट्यूबर खान सर ने आखिरकार अपनी शादी की खबर का खुलासा कर ही दिया। लंबे समय से पर्सनल लाइफ को प्राइवेट रखने वाले पटना के इस मशहूर शिक्षक ने गुपचुप तरीके से शादी कर ली है। उन्होंने खुद इस बात की जानकारी एक वीडियो के ज़रिए अपने यूट्यूब चैनल ‘Khan GS Research Centre’ पर दी है।
वीडियो में छात्रों से बात करते हुए उन्होंने बड़ी ही सादगी से कहा, “तुम लोगों को एक चीज़ हमने बताई नहीं है। इसी युद्ध के दौरान हम ब्याह भी कर लिए हैं। अब आप लोगों के लिए भोज की व्यवस्था हम कर रहे हैं, 6 जून के आसपास।” इस एक वाक्य ने सोशल मीडिया पर हलचल मचा दी और फैंस, स्टूडेंट्स व मीडिया में उनकी शादी की चर्चा शुरू हो गई।
मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो खान सर की शादी 7 मई 2024 को बेहद निजी तरीके से हुई थी। शादी में सिर्फ परिवार के करीबी लोग ही शामिल हुए। उनकी पत्नी का नाम ए.एस. खान बताया जा रहा है, जो बिहार की ही रहने वाली हैं। हालांकि अभी तक खान सर ने अपनी पत्नी के बारे में सार्वजनिक रूप से ज्यादा जानकारी साझा नहीं की है। माना जा रहा है कि जून के पहले हफ्ते में पटना में एक रिसेप्शन पार्टी का आयोजन होगा, जिसमें करीबी मित्र और शुभचिंतक शामिल होंगे।
खान सर का असली नाम फैसल खान है और वे भारत के सबसे चर्चित शिक्षकों में से एक हैं। वे प्रतियोगी परीक्षाओं जैसे SSC, रेलवे, UPSC आदि की तैयारी करवा चुके हैं। उनका पढ़ाने का अनोखा अंदाज़ और देसी उदाहरणों का इस्तेमाल छात्रों को बेहद पसंद आता है। उनकी लोकप्रियता 2020 में तब और बढ़ी जब कोविड लॉकडाउन के समय उन्होंने यूट्यूब चैनल की शुरुआत की। उनका चैनल Khan GS Research Centre अब 24.6 मिलियन से भी ज्यादा सब्सक्राइबर्स के साथ भारत के टॉप एजुकेशनल चैनलों में शामिल है।
2021 में उन्होंने एक मोबाइल ऐप भी लॉन्च किया, जिससे दूर-दराज़ के छात्रों को ऑनलाइन क्लासेस की सुविधा मिल सके। खान सर का मकसद है कि शिक्षा हर वर्ग के बच्चों तक पहुंचे, खासकर उन तक जो महंगी कोचिंग अफोर्ड नहीं कर सकते।
अब जब उनकी शादी की खबर सामने आई है, तो सोशल मीडिया पर फैंस उन्हें जमकर बधाइयाँ दे रहे हैं। खान सर की यह सादगी और अपने छात्रों के प्रति समर्पण ने एक बार फिर साबित कर दिया कि वे सिर्फ एक टीचर नहीं, बल्कि एक प्रेरणा स्रोत हैं। अब सभी की निगाहें 6 जून पर हैं, जब उनका भोज कार्यक्रम आयोजित होगा।
For more news: Entertainment


