अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव में इस वर्ष खादी ग्रामोद्योग द्वारा निर्मित उत्पाद पर्यटकों के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। देशभर से आए श्रद्धालु और पर्यटक खादी के परिधान, हस्तशिल्प, हैंडमेड कॉस्मेटिक्स, घरेलू उत्पाद और स्थानीय कला-संस्कृति से जुड़े सामान की जमकर खरीदारी कर रहे हैं।
महोत्सव में लगाए गए खादी स्टॉलों पर लगातार भीड़ उमड़ रही है। खादी की गुणवत्ता, स्वदेशी स्पर्श और उचित मूल्य लोगों को अपनी ओर खींच रहा है।
खादी ग्रामोद्योग के अधिकारियों के अनुसार, इस वर्ष बिक्री में उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। इसके पीछे मुख्य कारण है खादी उत्पादों पर उपलब्ध विशेष छूट—
आमजन के लिए 25% छूट
सरकारी कर्मचारियों के लिए 30% तक की छूट
छूट और विविध उत्पादों की उपलब्धता के चलते स्टॉल संचालक भी उत्साहित हैं। उनका कहना है कि इससे न केवल खादी को प्रोत्साहन मिल रहा है, बल्कि ग्रामीण कारीगरों और स्व–रोजगार से जुड़े लोगों को भी आर्थिक लाभ पहुंचेगा।
अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव में खादी उत्पादों की बढ़ती मांग यह दर्शाती है कि लोग अब स्वदेशी वस्तुओं को और अधिक महत्व दे रहे हैं तथा आत्मनिर्भर भारत की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।


