केंद्रीय ऊर्जा, आवासन एवं शहरी मामले मंत्री मनोजहर लाल खट्टर ने करनाल प्रवास के दौरान शहर में चल रही विभिन्न विकासात्मक परियोजनाओं की प्रगति का विस्तार से जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और समय-सीमा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के अवसर पर केंद्रीय मंत्री ने एक महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए कहा कि शहर के बीचों-बीच निर्माणाधीन एलिवेटेड फ्लाईओवर का कार्य आगामी दिसंबर माह तक पूर्ण कर लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि यह फ्लाईओवर करनाल की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने में मील का पत्थर साबित होगा और आमजन को जाम की समस्या से बड़ी राहत मिलेगी।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि इस फ्लाईओवर को देश के पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को समर्पित किया जाएगा। उनकी स्मृति और राष्ट्र के प्रति योगदान को सम्मान देते हुए इस नवनिर्मित फ्लाईओवर का नाम ‘अटल सेतु’ रखा जाएगा।
उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी का विकास दृष्टिकोण और सुशासन की सोच आज भी देश की बुनियादी ढांचा परियोजनाओं को दिशा दे रही है। ‘अटल सेतु’ न केवल करनाल शहर की पहचान बनेगा, बल्कि आधुनिक भारत के विकास की भावना को भी सशक्त रूप से प्रतिबिंबित करेगा।


