कल्याण ज्वैलर्स के शेयरों ने 3 साल में 55 रुपये से बढ़कर 590 रुपये का स्तर पार किया। पहली तिमाही में 264 करोड़ रुपये का मुनाफा और 31.5% रेवेन्यू वृद्धि के साथ कंपनी ने निवेशकों को शानदार रिटर्न दिया है।
कल्याण ज्वैलर्स इंडिया लिमिटेड के शेयरों ने निवेशकों को शानदार रिटर्न दिया है। जनवरी 2022 में 55 रुपये प्रति शेयर के स्तर पर ट्रेड कर रहे इस गोल्ड ज्वैलरी रिटेल कंपनी के शेयर अब 590 रुपये के पार पहुंच गए हैं। यानी महज तीन वर्षों में शेयर की कीमत लगभग 10 गुना बढ़ चुकी है। 7 अगस्त 2025 को कंपनी ने पहली तिमाही के वित्तीय नतीजे जारी किए, जिनसे कंपनी की मजबूत आर्थिक स्थिति का पता चलता है।
कल्याण ज्वैलर्स की पहली तिमाही में 264 करोड़ रुपये का मुनाफा
30 जून, 2025 को समाप्त तिमाही में कंपनी ने 264 करोड़ रुपये का नेट प्रॉफिट दर्ज किया, जो पिछले साल की समान अवधि से 48.6% अधिक है। पिछले वित्त वर्ष की पहली तिमाही में कंपनी का मुनाफा 177.7 करोड़ रुपये था।
रेवेन्यू में जबरदस्त वृद्धि
कल्याण ज्वैलर्स का ऑपरेशनल रेवेन्यू 31.5% बढ़कर 7,268.4 करोड़ रुपये हो गया, जबकि पिछले वित्त वर्ष की इसी अवधि में यह 5,527.8 करोड़ रुपये था। EBITDA में भी जबरदस्त सुधार हुआ है, जो 89.3% बढ़कर 508 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। EBITDA मार्जिन भी 6.7% से बढ़कर 7% हो गया है।
अंतरराष्ट्रीय कारोबार से भी मिले बढ़िया परिणाम
कंपनी के अंतरराष्ट्रीय ऑपरेशन ने वित्त वर्ष 2026 की पहली तिमाही में 1,070 करोड़ रुपये का राजस्व दर्ज किया, जो साल-दर-साल 32% की बढ़त दर्शाता है। मिडिल ईस्ट से कंपनी को 1,026 करोड़ रुपये का राजस्व मिला, जो 27% की वृद्धि है। इस क्षेत्र का प्रॉफिट आफ्टर टैक्स 22 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले वर्ष की तुलना में 18% अधिक है।
लाइफस्टाइल ज्वेलरी प्लेटफॉर्म कैंडेरे का प्रदर्शन
कल्याण ज्वैलर्स के कैंडेरे प्लेटफॉर्म ने भी इस तिमाही में 66 करोड़ रुपये का राजस्व हासिल किया, लेकिन 10 करोड़ रुपये का शुद्ध घाटा दर्ज किया गया है।


