टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत ने पाकिस्तान को 61 रन से हराकर सुपर-8 में जगह बनाई। ईशान किशन की 77 रन की पारी और बुमराह-हार्दिक की घातक गेंदबाजी से पाक टीम 114 पर ढेर हुई।
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत बनाम पाकिस्तान महामुकाबले में टीम इंडिया ने एक बार फिर अपना दबदबा साबित करते हुए पड़ोसी टीम को 61 रन से करारी शिकस्त दी और शानदार अंदाज में सुपर-8 राउंड में प्रवेश कर लिया। कोलंबो के प्रेमदासा स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 175 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया, जिसके जवाब में पाकिस्तान की टीम सिर्फ 114 रन पर ढेर हो गई।
इस जीत के साथ भारत ने टी20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान के खिलाफ अपना रिकॉर्ड 8-1 कर लिया और एक बार फिर दिखा दिया कि बड़े टूर्नामेंट में दबाव के मुकाबलों में वह कितना मजबूत है।
ईशान किशन बने जीत के हीरो
पाकिस्तान ने टॉस जीतकर शुरुआत में ही अभिषेक शर्मा को बिना खाता खोले आउट कर दिया था, लेकिन इसके बाद ईशान किशन ने मोर्चा संभाल लिया। बाएं हाथ के इस विस्फोटक ओपनर ने दोहरे मिजाज वाली पिच पर 40 गेंदों में 77 रन की तूफानी पारी खेलकर पाकिस्तान को पूरी तरह बैकफुट पर धकेल दिया।
कप्तान सूर्यकुमार यादव (32) और तिलक वर्मा (25) ने भी उपयोगी योगदान दिया, जबकि आखिरी ओवरों में शिवम दुबे (27) और रिंकू सिंह (11) ने तेजी से रन जोड़कर स्कोर को 175 तक पहुंचाया। पाकिस्तान की ओर से सैम अयूब ने सबसे ज्यादा 3 विकेट लिए।
हार्दिक-बुमराह की जोड़ी ने तोड़ी कमर
लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की शुरुआत भी बेहद खराब रही। पहले ही ओवर में हार्दिक पंड्या ने साहिबजादा फरहान को बिना खाता खोले पवेलियन भेज दिया। इसके बाद दूसरे ओवर में जसप्रीत बुमराह ने सैम अयूब और कप्तान सलमान आगा को आउट कर मैच की दिशा लगभग तय कर दी।
इसके बाद भारतीय स्पिनरों ने भी कमाल दिखाया। अक्षर पटेल ने बाबर आजम को सिर्फ 5 रन पर आउट किया, जबकि तिलक वर्मा ने शादाब खान का विकेट झटका। पाकिस्तान की ओर से उस्मान खान (44) ने कुछ देर संघर्ष किया, लेकिन अक्षर ने उनकी पारी पर भी ब्रेक लगा दिया।
आखिरकार पाकिस्तानी टीम 18 ओवर में 114 रन पर सिमट गई। भारत के लिए हार्दिक पंड्या, जसप्रीत बुमराह, अक्षर पटेल और वरुण चक्रवर्ती ने 2-2 विकेट लिए, जबकि तिलक वर्मा और कुलदीप यादव को 1-1 सफलता मिली।
सुपर-8 में भारत की शानदार एंट्री
इस शानदार जीत के साथ डिफेंडिंग चैंपियन भारत ने सुपर-8 में अपनी जगह पक्की कर ली है। टीम का आत्मविश्वास इस मुकाबले के बाद और बढ़ गया है, जबकि पाकिस्तान के लिए टूर्नामेंट का रास्ता अब काफी मुश्किल नजर आ रहा है।


