इग्नू ने B.Ed 2026 के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए, रजिस्ट्रेशन केवल पोर्टल से होगा, चयन प्रवेश परीक्षा के आधार पर किया जाएगा।
इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (IGNOU) ने शैक्षणिक सत्र 2026 के लिए बैचलर ऑफ एजुकेशन (B.Ed) कार्यक्रम में प्रवेश हेतु ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए हैं। इस कोर्स में दाखिला विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित प्रवेश परीक्षा के माध्यम से किया जाएगा। इच्छुक अभ्यर्थियों के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 27 फरवरी 2026 तय की गई है।
इग्नू क्षेत्रीय केंद्र करनाल के क्षेत्रीय निदेशक डॉ. धर्मपाल ने बताया कि उम्मीदवारों को केवल ऑनलाइन माध्यम से ही पंजीकरण और आवेदन करना होगा। किसी भी प्रकार का हार्ड कॉपी आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा। आवेदन प्रक्रिया शुरू करने से पहले अभ्यर्थियों को पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन करना अनिवार्य होगा, उसके बाद ही वे प्रवेश परीक्षा के लिए फॉर्म भर सकेंगे।
ऑनलाइन पंजीकरण और आवेदन के लिए उम्मीदवारों को आधिकारिक पोर्टल पर जाना होगा, जहां पूरा फॉर्म भरने के साथ जरूरी दस्तावेज भी अपलोड करने होंगे। विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि पात्रता, पाठ्यक्रम संरचना और प्रवेश परीक्षा से जुड़ी सभी विस्तृत जानकारियां उसी पोर्टल पर उपलब्ध हैं।
also read :Falgun Pradosh Vrat 2026: फाल्गुन का अंतिम प्रदोष कब? रवि प्रदोष की तिथि, शुभ मुहूर्त और संपूर्ण पूजा विधि
पात्रता मानदंड के अनुसार, उम्मीदवार के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक या स्नातकोत्तर डिग्री निर्धारित न्यूनतम अंकों के साथ होना आवश्यक है और एनसीटीई (NCTE) के मानकों को पूरा करना भी अनिवार्य होगा। अंतिम चयन पूरी तरह से प्रवेश परीक्षा में प्रदर्शन के आधार पर किया जाएगा।
विश्वविद्यालय की ओर से यह भी बताया गया है कि प्रवेश परीक्षा की तिथि आधिकारिक अधिसूचना के अनुसार घोषित की जाएगी। परीक्षा के लिए हॉल टिकट विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर समय रहते उपलब्ध करा दिए जाएंगे, जिन्हें उम्मीदवार ऑनलाइन डाउनलोड कर सकेंगे।
इच्छुक अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें और किसी भी तरह की अपडेट या सूचना के लिए इग्नू की आधिकारिक वेबसाइट पर नजर बनाए रखें, ताकि अंतिम समय में किसी तकनीकी परेशानी से बचा जा सके।


