हेपेटाइटिस A एक वायरल संक्रमण है जो दूषित भोजन और पानी से फैलता है और लिवर को गंभीर नुकसान पहुंचा सकता है। जानिए इसके लक्षण, संक्रमण के कारण, और बचाव के आसान उपाय।
विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के अनुसार, हेपेटाइटिस A हर साल लगभग 14 लाख से अधिक लोगों को प्रभावित करता है। खासकर भारत जैसे विकासशील देशों में, जहां ग्रामीण इलाकों में स्वच्छता की कमी पाई जाती है, यह संक्रमण ज्यादा फैलता है।
हेपेटाइटिस A एक वायरल संक्रमण है जो लिवर को प्रभावित करता है और इसके कारण लिवर में सूजन (इन्फ्लेमेशन) हो सकता है। यह संक्रमण अल्पकालिक (शॉर्ट टर्म) और दीर्घकालिक (लॉन्ग टर्म) दोनों तरह से हो सकता है, और गंभीर मामलों में लिवर डैमेज या फेलियर का खतरा भी होता है।
हाल ही में इस बीमारी के मामले तेजी से बढ़े हैं। यह वायरस मुख्यतः संक्रमित व्यक्ति के मल के माध्यम से दूषित भोजन या पानी से फैलता है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार, जिन इलाकों में स्वच्छता की कमी होती है, वहां इस संक्रमण का खतरा ज्यादा होता है। डब्ल्यूएचओ के आंकड़ों के मुताबिक, विश्व में हर साल लगभग 1.4 मिलियन लोग इस बीमारी से प्रभावित होते हैं। भारत में स्वच्छता अभियानों के चलते अब इसका खतरा पहले से कम जरूर हुआ है, लेकिन अभी भी सतर्क रहने की जरूरत है।
डॉक्टर बताते हैं कि ज्यादातर मामलों में हेपेटाइटिस A खुद-ब-खुद ठीक हो जाता है, लेकिन कमजोर प्रतिरक्षा प्रणाली वाले या बुजुर्गों में यह लिवर फेलियर तक पहुंच सकता है।
संक्रमण कैसे होता है?
हेपेटाइटिस A दूषित पानी पीने, अधपका या गंदा खाना खाने, संक्रमित व्यक्ति के साथ बर्तन या टॉयलेट साझा करने, और हाथ धोए बिना खाना खाने से फैलता है। खासकर उन इलाकों में जहां स्वच्छता कम हो, वहां इसका खतरा अधिक होता है।
दिल्ली के गैस्ट्रोइंटेस्टाइनल विशेषज्ञ डॉ. भूषण आनंद के अनुसार, ये पाँच प्रमुख कारण हैं जो संक्रमण को बढ़ाते हैं:
दूषित पानी का सेवन
अधपका या स्ट्रीट फूड खाना
संक्रमित व्यक्ति के साथ बर्तन या शौचालय साझा करना
बिना हाथ धोए खाना
संक्रमण वाले क्षेत्रों में रहना या जाना
संक्रमण के लक्षण क्या हैं?
हेपेटाइटिस A के लक्षण संक्रमण के 2 से 6 हफ्ते के भीतर सामने आते हैं। इसमें आमतौर पर थकान, कमजोरी, भूख न लगना, पेट में दर्द, मतली, उल्टी, और गाढ़े रंग का पेशाब शामिल हैं। संक्रमण बढ़ने पर त्वचा और आंखों में पीलापन (जैसे पीलिया) भी हो सकता है।
बचाव कैसे करें?
हेपेटाइटिस A से बचाव के लिए वैक्सीनेशन सबसे प्रभावी तरीका है। इसके अलावा:
साफ और उबला हुआ पानी पिएं
भोजन से पहले और शौच के बाद हाथ धोएं
सड़क किनारे मिलने वाले खाद्य पदार्थों से बचें
इस संक्रमण को हल्के में लेना भारी पड़ सकता है क्योंकि शुरुआत में यह फूड पॉयजनिंग जैसा ही लगता है, लेकिन समय पर इलाज न मिलने पर लिवर को स्थायी नुकसान पहुंचा सकता है।


