हरियाणा बोर्ड (HBSE) 10वीं और 12वीं की वार्षिक परीक्षाओं 2026 के एडमिट कार्ड 17 फरवरी से वेबसाइट पर उपलब्ध होंगे। 12वीं की परीक्षा 25 फरवरी और 10वीं की 26 फरवरी से शुरू होगी। जानें डाउनलोड प्रक्रिया और जरूरी निर्देश।
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड (HBSE), भिवानी द्वारा सैकेण्डरी (10वीं) और सीनियर सैकेण्डरी (12वीं) शैक्षिक/मुक्त विद्यालय, नियमित एवं स्वयंपाठी परीक्षार्थियों के लिए वार्षिक परीक्षा फरवरी-मार्च 2026 के एडमिट कार्ड कल से बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट www.bseh.org.in पर जारी किए जाएंगे।
बोर्ड प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि सीनियर सैकेण्डरी (12वीं) की परीक्षाएं 25 फरवरी से 1 अप्रैल 2026 तक आयोजित होंगी, जबकि सैकेण्डरी (10वीं) की परीक्षाएं 26 फरवरी से 20 मार्च 2026 तक चलेंगी। इन परीक्षाओं में प्रदेशभर के 1421 परीक्षा केंद्रों पर करीब 5.66 लाख परीक्षार्थी शामिल होंगे। परीक्षा का समय दोपहर 12:30 बजे से 3:30 बजे तक निर्धारित किया गया है।
प्रवक्ता के अनुसार, सभी स्कूल प्रमुख बोर्ड वेबसाइट पर अपने यूजर आईडी और पासवर्ड से लॉगिन कर विद्यार्थियों के एडमिट कार्ड A-4 साइज रंगीन प्रिंट में डाउनलोड करेंगे और आवश्यक दिशा-निर्देशों के अनुसार उन्हें वितरित करेंगे। यदि किसी परीक्षार्थी के विवरण में कोई त्रुटि पाई जाती है, तो वह मूल दस्तावेज और निर्धारित शुल्क के साथ बोर्ड कार्यालय में संपर्क कर सुधार करवा सकता है। सभी विद्यार्थियों को एडमिट कार्ड पर दिए गए निर्देशों का पालन करना अनिवार्य होगा।
स्वयंपाठी परीक्षार्थी (कम्पार्टमेंट/EIOP, अतिरिक्त विषय, पूर्ण/आंशिक अंक सुधार) अपने पिछले अनुक्रमांक, नाम, पिता व माता का नाम भरकर वेबसाइट के लिंक से एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं। इसी तरह मुक्त विद्यालय (फ्रेश, री-अपीयर, अतिरिक्त विषय, CTP, OCTP, मर्सी चांस, पूर्ण/आंशिक अंक सुधार) श्रेणी के अभ्यर्थी भी अपना विवरण भरकर एडमिट कार्ड प्राप्त कर सकेंगे। यदि विवरण में कोई गलती है, तो परीक्षार्थी 20 फरवरी 2026 तक बोर्ड कार्यालय में व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर सुधार करवा सकते हैं।
बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा समाप्त होने के बाद फोटो या हस्ताक्षर में किसी भी प्रकार का बदलाव स्वीकार नहीं किया जाएगा। जिन परीक्षार्थियों का अनुक्रमांक किसी कारणवश रोका गया है, वे आवश्यक दस्तावेजों के साथ बोर्ड कार्यालय में संपर्क कर अपना एडमिट कार्ड जारी करवा सकते हैं।
दिव्यांग परीक्षार्थियों के लिए लेखक (स्क्राइब) की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। मुख्य केंद्र अधीक्षक या केंद्र अधीक्षक, प्रामाणिक दिव्यांग प्रमाण पत्र/UDID कार्ड की जांच के बाद परीक्षा शुरू होने से पहले लेखक उपलब्ध करवाएंगे। वहीं, बोर्ड कार्यालय में भी सत्यापन के बाद एक दिन पहले लेखक उपलब्ध कराया जा सकेगा।
किसी भी प्रकार की समस्या होने पर परीक्षार्थी बोर्ड की हेल्पलाइन 01664-254309 या संबंधित ई-मेल आईडी assec@bseh.org.in, assrs@bseh.org.in, adhos@bseh.org.in पर संपर्क कर समाधान प्राप्त कर सकते हैं।


