हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष श्री हरविंदर कल्याण ने आज ‘हरियाणा युवा संवाद’ के दूसरे संस्करण का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने देश के युवाओं से वर्ष 2047 तक ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य को साकार करने के लिए राष्ट्र निर्माण और सकारात्मक राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति ही किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी पूंजी होती है और उनके विचार, ऊर्जा व नवाचार से ही देश को नई दिशा मिलती है।
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि ‘हरियाणा युवा संवाद’ जैसे मंच युवाओं को न केवल अपने विचार व्यक्त करने का अवसर देते हैं, बल्कि उन्हें लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं, नीति निर्माण और शासन की चुनौतियों को समझने का भी अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि जब युवा सकारात्मक सोच और जिम्मेदारी के साथ राजनीति और सामाजिक जीवन में आगे आते हैं, तभी लोकतंत्र मजबूत होता है।
इस कार्यक्रम में देश के 13 राज्यों से आए 65 युवा प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं, जो विभिन्न शैक्षणिक, सामाजिक और पेशेवर पृष्ठभूमि का प्रतिनिधित्व करते हैं। संवाद के दौरान युवाओं ने हरियाणा के विकास मॉडल, राज्य की औद्योगिक नीति-2025, सतत विकास के प्रयासों और पर्यावरण संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर खुलकर अपने विचार रखे।
श्री हरविंदर कल्याण ने कहा कि हरियाणा सरकार सतत विकास को प्राथमिकता देते हुए औद्योगिक प्रगति और पर्यावरण संतुलन के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने की दिशा में कार्य कर रही है। औद्योगिक नीति-2025 के माध्यम से राज्य में निवेश को बढ़ावा देने, युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सृजित करने और नवाचार को प्रोत्साहित करने पर विशेष ध्यान दिया गया है। उन्होंने युवाओं से आग्रह किया कि वे इन नीतियों का अध्ययन करें और अपने सुझावों के माध्यम से इन्हें और अधिक प्रभावी बनाने में योगदान दें।
पर्यावरण संरक्षण पर बोलते हुए विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि जलवायु परिवर्तन और पर्यावरणीय चुनौतियां आज पूरी दुनिया के सामने हैं। ऐसे में युवाओं की भूमिका और भी महत्वपूर्ण हो जाती है। उन्होंने कहा कि छोटे-छोटे प्रयास, जैसे जल संरक्षण, स्वच्छ ऊर्जा का उपयोग और हरित जीवनशैली अपनाकर युवा पर्यावरण संरक्षण में बड़ा योगदान दे सकते हैं।
संवाद के दौरान युवाओं ने भी सक्रिय भागीदारी दिखाई और विकास, शिक्षा, रोजगार, पर्यावरण और राजनीति से जुड़े सवालों पर सार्थक चर्चा की। कई प्रतिभागियों ने अपने राज्यों के अनुभव साझा किए और हरियाणा के विकास मॉडल से सीखने की इच्छा जताई।
कार्यक्रम के अंत में विधानसभा अध्यक्ष ने विश्वास व्यक्त किया कि ‘हरियाणा युवा संवाद’ भविष्य में युवाओं के लिए एक प्रभावी मंच बनकर उभरेगा, जहां से राष्ट्र निर्माण के लिए नए विचार और नेतृत्व सामने आएंगे। उन्होंने कहा कि युवा यदि आज से ही जिम्मेदारी और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ें, तो विकसित भारत 2047 का सपना अवश्य साकार होगा।


