हरियाणा में शहरी स्थानीय निकायों की समीक्षा बैठक में म्हारी सड़क योजना में लापरवाही पर कार्रवाई हुई। शाहाबाद नगर पालिका के जेई निलंबित और सचिव को चार्जशीट, स्वच्छता व कचरा प्रबंधन पर जोर।
प्रदेश के शहरी क्षेत्रों में स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करने, नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने और केंद्र व राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा के लिए चंडीगढ़ में शहरी स्थानीय निकायों की एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रदेश की नगर पालिकाओं के अधिकारियों ने भाग लिया और अपने-अपने क्षेत्रों में चल रहे विकास कार्यों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की।
यह बैठक मुख्यमंत्री के अतिरिक्त प्रधान सचिव एवं हरियाणा सरकार के शहरी स्थानीय निकाय विभाग के आयुक्त एवं सचिव डॉ. साकेत कुमार की अध्यक्षता में हुई। शहरी स्थानीय निकायों के महानिदेशक एवं विभाग के सचिव श्री अशोक कुमार मीणा भी बैठक में उपस्थित रहे। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि स्वच्छता, ठोस कचरा प्रबंधन और नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी कार्य तय समयसीमा में पूरे किए जाएं।
बैठक के दौरान “म्हारी सड़क योजना” के अंतर्गत सर्वे न कराने पर नगर पालिका शाहाबाद के कनिष्ठ अभियंता (जेई) को निलंबित करने और संबंधित सचिव को चार्जशीट करने के आदेश दिए गए। अधिकारियों ने कहा कि विकास योजनाओं में लापरवाही को किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जाएगा और जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मुख्यमंत्री घोषणाओं की प्रगति पर चर्चा
बैठक में मुख्यमंत्री द्वारा की गई घोषणाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई। अर्बन ड्रेनेज, राइट-टू-वे स्मार्ट रोड, स्मार्ट मार्केट, मशीनरी व उपकरणों की खरीद, स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और दिव्यांगजनों के लिए अल्ट्रा मॉडर्न पार्क जैसी परियोजनाओं पर विशेष चर्चा हुई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सभी कार्य प्राथमिकता के आधार पर तय समयसीमा में पूरे किए जाएं और उनकी नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए।
वित्त आयोग अनुदानों और विकास कार्यों की समीक्षा
केंद्र और राज्य वित्त आयोग के तहत मिले अनुदानों के उपयोग की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों से कहा गया कि धनराशि का उपयोग पारदर्शी और नियमानुसार किया जाए ताकि विकास कार्यों में तेजी लाई जा सके। साथ ही मुख्यालय स्तर से स्वीकृत परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए गए।
स्वच्छता, कचरा प्रबंधन और नागरिक सुविधाएं
बैठक में घर-घर कचरा संग्रहण, ताजा कचरे की वैज्ञानिक प्रोसेसिंग, सड़क सफाई और मैकेनिकल स्वीपिंग की स्थिति पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि मुख्य मार्गों के साथ-साथ आंतरिक गलियों में भी नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए और नागरिक शिकायतों का त्वरित समाधान किया जाए। लीगेसी कचरे के निपटान पर भी विशेष जोर दिया गया और पुराने कचरे के ढेरों को चरणबद्ध तरीके से हटाने के निर्देश दिए गए।
मानसून से पहले नालों की सफाई और शौचालय निर्माण
आगामी मानसून को ध्यान में रखते हुए नालों की समय रहते सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, ताकि जलभराव की समस्या से बचा जा सके। साथ ही शहरों में नए सार्वजनिक शौचालयों के निर्माण की प्रगति की समीक्षा करते हुए गुणवत्ता और समयसीमा का विशेष ध्यान रखने को कहा गया।
पीएम स्वनिधि और म्हारी सड़क योजना
पीएम स्ट्रीट वेंडर आत्मनिर्भर निधि (पीएम स्वनिधि) योजना की प्रगति की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि अधिक से अधिक रेहड़ी-पटरी विक्रेताओं को योजना का लाभ मिले। वहीं, “म्हारी सड़क योजना” के तहत सड़कों की मैपिंग और सर्वे कार्य को समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर जोर दिया गया।
सामूहिक समन्वय से काम करने के निर्देश
अंत में अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि शहरी क्षेत्रों में स्वच्छता, कचरा प्रबंधन और नागरिक सुविधाओं में बेहतर परिणाम लाने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें। सरकार की प्राथमिकता है कि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और इसके लिए नियमित मॉनिटरिंग की जाए।


