मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने हरियाणा पुलिस के बैच संख्या–93 के जवानों द्वारा आयोजित ‘अटल जन सेवा को समर्पित दौड़’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह दौड़ 39 सप्ताह के कठोर प्रशिक्षण के उपरांत आयोजित की गई, जो अनुशासन, एकजुटता और सेवा भावना का सशक्त प्रतीक बनी।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि बैच–93 हरियाणा पुलिस के इतिहास का अब तक का सबसे बड़ा बैच है, जिसमें कुल 5061 जवान शामिल हैं। इनमें 4191 पुरुष और 870 महिला जवान हैं, जो प्रदेश की कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाएंगे। उन्होंने कहा कि यह युवा शक्ति हरियाणा की पुलिसिंग में नई ऊर्जा, आधुनिक सोच और समर्पण का संचार करेगी।
मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि इस ऐतिहासिक बैच को शीघ्र ही केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा सामूहिक शपथ दिलाई जाएगी, जो इन जवानों के सेवा पथ की औपचारिक शुरुआत होगी।
आंकड़ों की जानकारी साझा करते हुए बताया गया कि बैच में 4252 जवान ग्रामीण पृष्ठभूमि से और 809 जवान शहरी पृष्ठभूमि से हैं। इनमें से 2390 जवानों की आयु 26 वर्ष से कम है, जो युवा नेतृत्व और दीर्घकालिक सेवा की दृष्टि से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
मुख्यमंत्री ने जवानों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ‘अटल जन सेवा दौड़’ केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्रसेवा, कर्तव्यनिष्ठा और जनता के प्रति समर्पण का संदेश है। उन्होंने विश्वास जताया कि ये नव-प्रशिक्षित जवान ईमानदारी, साहस और संवेदनशीलता के साथ जनता की सेवा करेंगे और हरियाणा पुलिस की गरिमा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगे।


