विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दौरान स्वास्थ्य मंत्री श्रीमती आरती सिंह राव ने सदन में बताया कि राज्य में डॉक्टर और आबादी के अनुपात को बेहतर बनाने के लिए प्रदेश सरकार सार्वजनिक और निजी दोनों क्षेत्रों में नए मेडिकल कॉलेज स्थापित कर एमबीबीएस सीटों की संख्या बढ़ाने पर लगातार कार्य कर रही है।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि वर्ष 2014 में हरियाणा में एमबीबीएस की कुल 700 सीटें उपलब्ध थीं, जो अब बढ़कर 2710 हो गई हैं। यह वृद्धि राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने और भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए की गई है।
उन्होंने बताया कि नए मेडिकल कॉलेजों की स्थापना और मौजूदा संस्थानों में सीटों की संख्या बढ़ाने से प्रदेश में डॉक्टरों की उपलब्धता में सुधार होगा, जिससे आम नागरिकों को बेहतर और समय पर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी।
सरकार का उद्देश्य है कि चिकित्सा शिक्षा को बढ़ावा देकर न केवल प्रदेश में स्वास्थ्य अधोसंरचना को मजबूत किया जाए, बल्कि युवाओं को मेडिकल शिक्षा के अधिक अवसर भी उपलब्ध कराए जाएं।


