लोकायुक्त हरियाणा ने पंचकूला में 35.25 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले लोकायुक्त भवन का शिलान्यास किया। न्यायमूर्ति हरि पाल वर्मा ने इसे जनता के भरोसे और संस्थागत ईमानदारी का प्रतीक बताया।
हरियाणा के लोकायुक्त न्यायमूर्ति हरि पाल वर्मा ने आज पंचकूला के सेक्टर-1 में लोकायुक्त भवन का शिलान्यास किया। यह भवन राज्य सरकार द्वारा उपलब्ध करवाई गई 1.09 एकड़ भूमि पर लगभग 35.25 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित किया जाएगा। इस अवसर पर न्यायमूर्ति हरि पाल वर्मा की धर्मपत्नी श्रीमती सरोज वर्मा भी उपस्थित रहीं।
समारोह को संबोधित करते हुए न्यायमूर्ति हरि पाल वर्मा ने कहा कि यह दिन राज्य में लोकायुक्त संस्था के संस्थागत विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि लोकायुक्त कार्यालय सार्वजनिक प्रशासन में पारदर्शिता, जवाबदेही और ईमानदारी के मूल्यों को बनाए रखने में लोकतांत्रिक व्यवस्था के अंतर्गत अहम भूमिका निभाता है। एक समर्पित लोकायुक्त भवन की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही थी और इसके निर्माण से संस्था को और अधिक सशक्त बनाया जा सकेगा।
उन्होंने बताया कि यह आधुनिक चार मंजिला लोकायुक्त भवन बेसमेंट, पार्किंग और अन्य आवश्यक सुविधाओं से युक्त होगा। भवन को संस्था की कार्यगत आवश्यकताओं के अनुरूप डिजाइन किया जाएगा, जिससे कर्मचारियों को बेहतर कार्य वातावरण मिल सके और नागरिकों को भी सुगम सेवाएं प्राप्त हों।
न्यायमूर्ति वर्मा ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा स्वीकृत 35.25 करोड़ रुपये का बजट स्वच्छ, पारदर्शी और जवाबदेह शासन को बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने जानकारी दी कि भवन निर्माण कार्य अप्रैल 2026 में शुरू किया जाएगा और इसके 18 माह के भीतर पूर्ण होने की उम्मीद है।
उन्होंने कहा कि भवन के पूर्ण होने पर यह केवल एक प्रशासनिक संरचना नहीं रहेगा, बल्कि जनता के विश्वास और संस्था की ईमानदारी का प्रतीक बनेगा। इससे लोकायुक्त कार्यालय अपने वैधानिक दायित्वों का अधिक प्रभावी ढंग से निर्वहन कर सकेगा, शिकायतों का समयबद्ध निपटान सुनिश्चित होगा और नागरिकों का भरोसा और मजबूत होगा।
also read : मेगा परियोजनाओं की प्रगति की सख्त निगरानी कर समयबद्ध पूरा करें कार्य: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी
न्यायमूर्ति वर्मा ने यह भी कहा कि लोकायुक्त संस्था भ्रष्टाचार की जांच और नागरिकों की शिकायतों के निवारण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। इस संस्था को सुदृढ़ कर सरकार यह स्पष्ट संदेश दे रही है कि वह ईमानदारी से जनसेवा के लिए प्रतिबद्ध है। लोकायुक्त एक स्वतंत्र, राज्य-स्तरीय वैधानिक प्राधिकरण है, जिसका उद्देश्य प्रशासनिक अनियमितताओं और सरकारी अधिकारियों द्वारा अधिकारों के दुरुपयोग से संबंधित शिकायतों का समाधान करना है।
अपने स्वागत भाषण में लोकायुक्त, हरियाणा के रजिस्ट्रार-II (न्यायिक) श्री वेद प्रकाश सिरोही ने कहा कि लोकायुक्त भवन की आधारशिला संस्था की विकास यात्रा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है। उन्होंने इसे बेहतर अधोसंरचना, सुगम पहुंच और नागरिक-केंद्रित प्रणाली के साझा दृष्टिकोण का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि यह भवन निष्पक्ष जांच और सुशासन व्यवस्था में जनता के विश्वास को और अधिक सुदृढ़ करेगा।
कार्यक्रम के अंत में हरियाणा लोकायुक्त की सचिव श्रीमती रितु ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया। इस अवसर पर लोकायुक्त कार्यालय की रजिस्ट्रार-I (न्यायिक) श्रीमती बिमलेश तंवर, हरियाणा राज्य उपभोक्ता विवाद निवारण आयोग के अध्यक्ष न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) टी.पी.एस. मान, हरियाणा रियल एस्टेट विनियामक प्राधिकरण के चेयरमैन श्री परनीत सचदेवा, न्यायिक अधिकारी, कालका व पंचकूला बार एसोसिएशन के पदाधिकारी एवं सदस्य तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।


