19वीं सर्कल नेशनल कबड्डी प्रतियोगिता (पुरुष एवं महिला वर्ग) में भाग लेने के लिए हरियाणा की टीमों के चयन हेतु राज्य स्तरीय ट्रायल 05 जनवरी 2026 को गांव सुताना (मतलौडा), जिला पानीपत में आयोजित किए जाएंगे।
विकास एवं पंचायत मंत्री तथा हरियाणा एमेच्योर कबड्डी एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री कृष्ण लाल पंवार ने जानकारी देते हुए बताया कि खिलाड़ियों का चयन पूरी तरह पारदर्शी, निष्पक्ष और मेरिट के आधार पर किया जाएगा। चयन प्रक्रिया में खिलाड़ियों की फिटनेस, तकनीक, कौशल और समग्र प्रदर्शन को प्राथमिकता दी जाएगी, ताकि प्रदेश का प्रतिनिधित्व सर्वश्रेष्ठ प्रतिभाएं कर सकें।
उन्होंने बताया कि चयनित टीमें 10 से 12 जनवरी 2026 तक आयोजित होने वाली 19वीं सर्कल नेशनल कबड्डी प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगी। यह राष्ट्रीय प्रतियोगिता श्री गुरुद्वारा साहिब, बाजपुर, जिला नैनीताल, उत्तराखंड में आयोजित की जाएगी।
राज्य सरकार और कबड्डी संघ का उद्देश्य प्रदेश के उभरते खिलाड़ियों को राष्ट्रीय मंच प्रदान करना है, ताकि वे अपने खेल कौशल का प्रदर्शन कर हरियाणा और देश का नाम रोशन कर सकें।


