चंडीगढ़। हरियाणा सरकार ने ई-क्षतिपूर्ति पोर्टल पर फसल क्षति की एक ही फोटो बार-बार अपलोड करने की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए तुरंत कार्रवाई की है। मुख्यमंत्री श्री नायब सैनी ने इस मामले में लापरवाही बरतने वाले 6 पटवारियों को तत्काल निलंबित करने के आदेश जारी किए हैं।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि पोर्टल पर इस तरह की गड़बड़ियां किसानों के अधिकारों से खिलवाड़ हैं और सरकार ऐसी किसी भी लापरवाही को बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिन किसानों को वास्तविक रूप से फसल का नुकसान हुआ है, उन्हें एक सप्ताह के भीतर मुआवज़ा प्रदान किया जाए।
सीएम सैनी ने कहा कि सरकार का उद्देश्य वास्तविक प्रभावित किसानों तक राहत समय पर पहुँचाना है, और ऐसे मामलों में पारदर्शिता सर्वोपरि है। उन्होंने चेतावनी दी कि कोई भी अधिकारी या कर्मचारी यदि किसान हितों से जुड़ी सेवाओं में लापरवाही करेगा, तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
सरकार द्वारा विकसित ई-क्षतिपूर्ति पोर्टल का उद्देश्य प्राकृतिक आपदाओं या मौसम संबंधी कारणों से फसल नुकसान का शीघ्र और डिजिटल सत्यापन सुनिश्चित करना है। लेकिन हाल की गड़बड़ियों ने व्यवस्थागत पारदर्शिता को प्रभावित किया, जिसके चलते यह सख्त कदम उठाया गया।


