चंडीगढ़। हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कालियावास में हुई बस दुर्घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। इस हादसे में एक छात्रा के निधन पर मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की।
मुख्यमंत्री ने दिवंगत छात्रा के परिजनों को ₹2.50 लाख की तात्कालिक सहायता राशि देने की घोषणा की है। इसके साथ ही दुर्घटना में घायल आठ लोगों के लिए ₹50-50 हजार रुपये की सहायता राशि स्वीकृत की गई है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सभी घायलों का निःशुल्क और बेहतर उपचार सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने संबंधित विभागों से राहत एवं चिकित्सा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश भी दिए।
राज्य सरकार की ओर से इस दुखद घटना में प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता प्रदान की जा रही है।


