हरियाणा के प्रशासनिक मानचित्र में एक महत्वपूर्ण बदलाव करते हुए आज मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने हांसी को हरियाणा का 23वां जिला बनाने की ऐतिहासिक घोषणा की। इस फैसले से क्षेत्र के लोगों में उत्साह की लहर है और लंबे समय से चली आ रही मांग को पूर्ण किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हांसी को जिला बनाए जाने से प्रशासनिक सुविधाएं आम नागरिकों के और अधिक निकट पहुंचेंगी, जिससे जनसेवाओं का त्वरित, पारदर्शी और प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित होगा। इससे शिक्षा, स्वास्थ्य, राजस्व, पुलिस और विकास से जुड़े कार्यों में भी तेजी आएगी।
उन्होंने बताया कि नए जिले के गठन से क्षेत्र के सामाजिक-आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी। स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और बुनियादी ढांचे के विकास को भी बल मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिला गठन से संबंधित सभी औपचारिकताएं समयबद्ध तरीके से पूरी की जाएं, ताकि आमजन को जल्द से जल्द इसका लाभ मिल सके।
हांसी को जिला बनाए जाने की घोषणा को क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि माना जा रहा है, जो हरियाणा सरकार के विकास, विकेंद्रीकरण और जनहित के संकल्प को दर्शाती है।
आज मैं हांसी को हरियाणा का 23वां जिला बनाने की घोषणा करता हूँ। pic.twitter.com/BktMSFlKOZ
— Nayab Saini (@NayabSainiBJP) December 16, 2025


