फरीदाबाद। फरीदाबाद को स्वास्थ्य सुविधाओं के क्षेत्र में एक बड़ी सौगात मिली है। कृष्ण पाल गुर्जर, केंद्रीय राज्य मंत्री ने सेक्टर-28, फरीदाबाद से हरियाणा के पहले “हॉस्पिटल ऑन व्हील्स” को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
यह अत्याधुनिक मोबाइल मेडिकल वैन विशेष रूप से औद्योगिक क्षेत्रों में कार्यरत श्रमिकों की स्वास्थ्य जांच के लिए तैयार की गई है। वैन में एक्स-रे, लैब टेस्ट, ब्लड टेस्ट, ईएनटी जांच सहित कई आधुनिक चिकित्सीय सुविधाएं उपलब्ध हैं, जिससे श्रमिकों को उनके कार्यस्थल के निकट ही प्राथमिक और आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी।
इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री ने कहा कि श्रमिक देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं और उनके स्वास्थ्य का ध्यान रखना सरकार की प्राथमिकता है। ‘हॉस्पिटल ऑन व्हील्स’ पहल से समय पर जांच और उपचार संभव होगा, जिससे गंभीर बीमारियों की पहचान प्रारंभिक चरण में ही की जा सकेगी।
यह पहल न केवल श्रमिकों की सेहत सुधारने में सहायक होगी, बल्कि औद्योगिक क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच को भी मजबूत करेगी। स्थानीय लोगों और उद्योग जगत ने इस अभिनव स्वास्थ्य पहल का स्वागत करते हुए इसे फरीदाबाद और हरियाणा के लिए एक महत्वपूर्ण कदम बताया है।


