Dementia Prevention Tips: डिमेंशिया का खतरा इन 5 आदतों से बढ़ सकता है – जैसे फिजिकल एक्टिविटी की कमी, हाई ब्लड प्रेशर और डायबिटीज। जानें डॉक्टरों के अनुसार डिमेंशिया से बचने के आसान और असरदार उपाय।
Dementia Prevention Tips: डिमेंशिया एक गंभीर न्यूरोलॉजिकल बीमारी है, जो व्यक्ति की याददाश्त, सोचने-समझने की क्षमता और निर्णय लेने की शक्ति को धीरे-धीरे प्रभावित करती है। यह सिर्फ बढ़ती उम्र की सामान्य भूलने की बीमारी नहीं है, बल्कि इससे रोजमर्रा की जिंदगी भी प्रभावित हो सकती है। एक्सपर्ट्स के मुताबिक, सही लाइफस्टाइल अपनाकर और कुछ आदतों में सुधार करके डिमेंशिया का खतरा काफी हद तक कम किया जा सकता है।
न्यूरोसर्जन डॉ. जायद अलमादीदी ने बताया कि अमेरिका की CDC संस्था के अनुसार, कुछ खास कारणों से डिमेंशिया और अल्जाइमर का जोखिम बढ़ सकता है। आइए जानते हैं वे कौन-सी 5 आदतें हैं जो डिमेंशिया की संभावना को बढ़ा सकती हैं और इनसे कैसे बचा जा सकता है।
1. फिजिकल एक्टिविटी की कमी
जो लोग दिनभर बैठे रहते हैं या बिल्कुल भी शारीरिक गतिविधि नहीं करते, उनमें डिमेंशिया का खतरा ज्यादा होता है। नियमित रूप से हल्की-फुल्की एक्सरसाइज, जैसे टहलना, योग, डांस या तैरना करने से दिमाग में ब्लड सर्कुलेशन बेहतर होता है, सूजन कम होती है और याददाश्त मजबूत रहती है।
2. अनियंत्रित डायबिटीज
बार-बार ब्लड शुगर का बढ़ना मस्तिष्क की नसों को नुकसान पहुंचाता है, जिससे अल्जाइमर जैसी समस्याएं हो सकती हैं। ब्लड शुगर को कंट्रोल में रखने के लिए हेल्दी डाइट, समय पर दवाएं और रेगुलर शुगर टेस्ट जरूरी हैं।
3. हाई ब्लड प्रेशर
हाई बीपी मस्तिष्क में रक्त प्रवाह को प्रभावित करता है, जिससे वैस्कुलर डिमेंशिया और स्ट्रोक का खतरा बढ़ता है। हाई ब्लड प्रेशर को कंट्रोल में रखने के लिए डेली वॉक, कम नमक और लो-फैट डाइट अपनाना चाहिए।
4. सुनने की क्षमता में कमी (बहरापन)
सुनने में दिक्कत होने पर मस्तिष्क को अतिरिक्त मेहनत करनी पड़ती है, जिससे अन्य कार्यों की क्षमता घट जाती है। इससे सामाजिक अलगाव और मानसिक समस्याएं बढ़ सकती हैं। समय रहते हियरिंग चेकअप और इलाज कराना जरूरी है।
5. तंबाकू और शराब का सेवन
धूम्रपान और अत्यधिक शराब का सेवन मस्तिष्क की कोशिकाओं को नुकसान पहुंचाता है। यह याददाश्त कमजोर करने, ब्रेन फंक्शन को धीमा करने और डिमेंशिया का खतरा बढ़ाने वाले प्रमुख कारणों में से एक है। इससे बचने के लिए इनकी लत छोड़ना जरूरी है।
डिमेंशिया से बचाव के उपाय
नियमित एक्सरसाइज करें
हेल्दी और बैलेंस्ड डाइट लें
ब्लड प्रेशर और शुगर लेवल पर नियंत्रण रखें
दिमाग को एक्टिव रखें – पढ़ाई, पजल्स, सोशल एक्टिविटी
अल्कोहल और स्मोकिंग से बचें
समय-समय पर मेडिकल चेकअप कराएं
डिमेंशिया का इलाज और मैनेजमेंट
हालांकि डिमेंशिया का अभी कोई पक्का इलाज नहीं है, लेकिन प्रारंभिक पहचान और लाइफस्टाइल सुधार से इसके लक्षणों को धीमा किया जा सकता है। दवाएं, थेरेपी और सोशल इंटरैक्शन भी इसके असर को कम करने में मदद करते हैं।


