चंडीगढ़। हरियाणा सरकार ने महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना के दायरे का विस्तार किया है। इस विस्तार के तहत योजना में तीन नई श्रेणियाँ जोड़ी गई हैं, जिससे प्रदेश की 1 लाख से अधिक नई महिलाओं को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।
सरकार द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, अब यदि सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चे 10वीं या 12वीं कक्षा में 80 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करते हैं, तो उनकी माताओं को ₹2100 प्रतिमाह की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। इसका उद्देश्य बच्चों की शिक्षा में उत्कृष्टता को प्रोत्साहित करना और माताओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है।
इसी प्रकार, भारत सरकार के निपुण मिशन के अंतर्गत यदि किसी परिवार का बच्चा कक्षा 1 से 4 तक ग्रेड लेवल प्रोफिशिएंसी हासिल करता है, तो उसकी माता भी इस योजना के अंतर्गत पात्र होगी। इसके अतिरिक्त, यदि पोषण ट्रैकर में दर्ज कोई बच्चा कुपोषण या एनीमिया से बाहर आकर ग्रीन ज़ोन में आता है, तो उसकी माता को भी योजना का लाभ दिया जाएगा।
इन तीनों नई श्रेणियों के लिए पारिवारिक वार्षिक आय ₹1.80 लाख से कम होना अनिवार्य रखा गया है। सरकार ने स्पष्ट किया है कि जिन महिलाओं की पारिवारिक आय ₹1 लाख वार्षिक है, उन्हें पहले की तरह योजना का लाभ मिलता रहेगा और किसी भी मौजूदा लाभार्थी का नाम सूची से नहीं काटा गया है।
हरियाणा सरकार का कहना है कि यह विस्तार शिक्षा, पोषण और महिला सशक्तिकरण को एक साथ मजबूती देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिससे समाज के कमजोर वर्गों को दीर्घकालीन लाभ मिलेगा।


