चंडीगढ़। हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने आज सिखों के नौवें गुरु श्री गुरु तेग बहादुर जी के शहीदी दिवस पर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरु साहिब का बलिदान केवल सिख समुदाय के लिए ही नहीं, बल्कि सम्पूर्ण मानवता के लिए प्रेरणा का प्रतीक है।
मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि ‘हिंद दी चादर’ श्री गुरु तेग बहादुर जी ने धर्म, मानवाधिकार और सत्य की रक्षा करते हुए जो सर्वोच्च बलिदान दिया, वह विश्व इतिहास में अद्वितीय है। उन्होंने अत्याचार और अन्याय के विरुद्ध दृढ़ता से खड़े होकर मानवता को साहस, त्याग और सहिष्णुता का मार्ग दिखाया।
उन्होंने बताया कि गुरु जी की शिक्षाएँ आज भी समाज को सद्भाव, एकता और समानता की दिशा में आगे बढ़ने का संदेश देती हैं। मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि हम सभी को चाहिए कि गुरु तेग बहादुर जी के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाकर सत्य और न्याय के मार्ग पर दृढ़ रहें।
राज्यभर में इस अवसर पर गुरुद्वारों, धार्मिक स्थलों और संस्थाओं में विशेष दीवान, शबद-कीर्तन और अरदास का आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में पहुंचकर गुरु साहिब के पावन संदेशों को नमन किया।


