चंडीगढ़। हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने जनस्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग (PHED) से संबंधित बजट घोषणाओं की समीक्षा बैठक की। बैठक के दौरान उन्होंने विभागीय अधिकारियों को लंबित परियोजनाओं को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने के सख्त निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि स्वच्छ पेयजल, सीवरेज और अन्य बुनियादी सुविधाओं का लाभ प्रभावी रूप से आम जनता तक पहुंचाना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़ी परियोजनाओं में किसी भी प्रकार की देरी स्वीकार नहीं की जाएगी और कार्य की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए।
सीएम नायब सैनी ने अधिकारियों से योजनाओं की प्रगति की नियमित समीक्षा करने, पारदर्शिता बनाए रखने और फील्ड स्तर पर बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि सभी बजट घोषणाओं का क्रियान्वयन तय समय-सीमा में पूरा हो, ताकि नागरिकों को त्वरित लाभ मिल सके।
बैठक में संबंधित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे और मुख्यमंत्री को विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति से अवगत कराया।


