हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने तावडू में विकसित सोहना-तावडू रैली में 47.36 करोड़ रुपये की 16 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। उन्होंने मेवात की वीर परंपरा, सरकार की उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं पर विस्तार से बात की।
हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि मेवात की धरती साहस, बलिदान और स्वाभिमान की प्रतीक रही है और इस क्षेत्र के लोगों ने देश के इतिहास में हमेशा गौरवपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने यह बात तावडू की अनाज मंडी में आयोजित विकसित सोहना-तावडू विकास रैली को संबोधित करते हुए कही, जहां भारी संख्या में लोगों की मौजूदगी ने कार्यक्रम को जनसमर्थन का बड़ा प्रदर्शन बना दिया।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर 47 करोड़ 36 लाख रुपये की लागत की 16 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इनमें 21.77 करोड़ रुपये की 11 परियोजनाओं का लोकार्पण और 25.58 करोड़ रुपये की 5 परियोजनाओं का शिलान्यास शामिल है। इन परियोजनाओं से क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, ऊर्जा और बुनियादी ढांचे को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने महाशिवरात्रि के पावन पर्व की प्रदेशवासियों को बधाई दी और कहा कि यह पर्व आत्मचिंतन, ऊर्जा और सकारात्मकता का संदेश देता है। उन्होंने कामना की कि यह शिवरात्रि सभी के जीवन में स्वास्थ्य, शांति और सफलता लेकर आए।
सीएम सैनी ने कहा कि रैली में उमड़ा जनसैलाब इस बात का प्रमाण है कि लोगों को भाजपा सरकार की नीयत, नीति और जनकल्याणकारी योजनाओं पर भरोसा है। उन्होंने कहा कि सोहना विधानसभा क्षेत्र में पिछले 11 वर्षों में 1,515 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्य कराए गए हैं, जबकि इससे पहले के 10 वर्षों में केवल 222 करोड़ रुपये खर्च हुए थे। उन्होंने बताया कि लोक निर्माण विभाग द्वारा 2014 से 2024 के बीच 285 करोड़ रुपये और हालिया अवधि में 5.70 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं, जबकि 407 करोड़ रुपये के काम पाइपलाइन में हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि सोहना में बन रहा सब-डिविजनल कॉम्प्लेक्स करीब 41 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हो रहा है, जिससे प्रशासनिक सेवाएं एक ही छत के नीचे उपलब्ध होंगी। इसके अलावा, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत 3 सड़कों की विशेष मरम्मत के लिए 12.10 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। तावडू खंड के 54 गांवों में 40 करोड़ रुपये की लागत से पेयजल से जुड़े भूमिगत जलाशयों और पाइपलाइन नेटवर्क का काम पूरा किया गया है।
उन्होंने कहा कि सरकार “जो कहती है, वह करती भी है”— इसका प्रमाण यह है कि संकल्प पत्र-2024 के 217 वादों में से 60 एक साल में पूरे कर दिए गए हैं और बाकी पर काम जारी है। आगामी बजट सत्र का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार जनता और सभी हितधारकों से परामर्श लेकर आम आदमी का बजट तैयार कर रही है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ‘अमृत काल’ से गुजर रहा है और 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य रखा गया है। इसी दिशा में हरियाणा सरकार ने हरियाणा विजन डॉक्यूमेंट-2047 तैयार किया है, जिसमें सैकड़ों दीर्घकालिक और अल्पकालिक रोडमैप तय किए गए हैं।
विपक्ष पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पेंशन के मुद्दे पर बोलने वालों को पहले अपने गिरेबां में झांकना चाहिए, क्योंकि पहले बुजुर्गों को महीनों पेंशन नहीं मिलती थी। उन्होंने बताया कि पिछले 11 वर्षों में सरकार ने पेंशन में 2200 रुपये की बढ़ोतरी की है और बुजुर्गों को इलाज सहित कई सुविधाएं दी जा रही हैं।
सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना के तहत लाखों महिलाओं को आर्थिक सहायता दी जा रही है, गरीब परिवारों को सस्ते गैस सिलेंडर मिल रहे हैं, किसानों की 24 फसलों की खरीद एमएसपी पर हो रही है और करोड़ों रुपये सीधे किसानों के खातों में पहुंच चुके हैं। आयुष्मान भारत-चिरायु योजना के तहत लाखों मरीजों का मुफ्त इलाज हुआ है और कैंसर व डायलिसिस जैसी सुविधाएं अब जिलों में उपलब्ध कराई जा रही हैं।
रोजगार पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि सरकार ने पिछले एक साल में 36 हजार युवाओं को बिना पर्ची-खर्ची के नौकरी दी है और 11 वर्षों में यह आंकड़ा 1.80 लाख तक पहुंच चुका है। विदेश में रोजगार के लिए भी युवाओं की मदद की जा रही है।
कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने क्षेत्र में विकास कार्यों के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया, जबकि कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह ने सरकार की कार्यशैली की सराहना की। कार्यक्रम के संयोजक और विधायक तेजपाल तंवर ने आए हुए अतिथियों और जनता का स्वागत किया। बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी और स्थानीय लोग भी इस अवसर पर मौजूद रहे।


