आप पंजाब के मीडिया इंचार्ज बलतेज पन्नू ने मोगा में हुए विलेज डिफेंस कमेटियों के शपथ समारोह पर विपक्ष के आरोपों को खारिज किया। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ सरकार की मुहिम से विरोधी बौखलाए हुए हैं।
आम आदमी पार्टी (आप) पंजाब के स्टेट मीडिया इंचार्ज बलतेज पन्नू ने मोगा के किल्ली चाहलां में आयोजित विलेज डिफेंस कमेटियों के शपथ ग्रहण समारोह को लेकर विपक्ष द्वारा उठाए जा रहे सवालों पर कड़ा जवाब दिया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में पंजाब को नशा मुक्त बनाने के लिए चल रही मुहिम से विपक्ष घबराया हुआ है, इसलिए वह बेवजह बयानबाजी कर रहा है।
बलतेज पन्नू ने कहा कि जो लोग आज सरकारी पैसे के खर्च पर सवाल उठा रहे हैं, उन्हें पहले अपने अतीत को देखना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकारों के समय सरकारी संसाधनों का गलत इस्तेमाल हुआ और नशे का कारोबार फलता-फूलता रहा। जनता यह सब भूली नहीं है कि कैसे सत्ता के संरक्षण में नशा तस्करी को बढ़ावा मिला।
उन्होंने कहा कि मौजूदा आप सरकार जनता के पैसे का इस्तेमाल नशे के खिलाफ लड़ाई और पंजाब के युवाओं का भविष्य सुरक्षित करने के लिए कर रही है, न कि तस्करों को बचाने के लिए। पन्नू ने कहा कि जो लोग पहले खुद इस सिस्टम का हिस्सा रहे हैं, उन्हें आज फिजूलखर्ची पर ज्ञान नहीं देना चाहिए।
also read :अमीषा पटेल के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी, 2017 के इवेंट विवाद में मुरादाबाद कोर्ट का बड़ा आदेश
विरोधियों पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि मोगा में हुए कार्यक्रम में अभी तो सिर्फ हर गांव से आए कुछ जागरूक नागरिकों ने ही शपथ ली है। यह तो सिर्फ शुरुआत है। जब युद्ध नशियां विरुद्ध 2 अभियान के तहत पूरे पंजाब के गांव एकजुट होकर नशे के खिलाफ मैदान में उतरेंगे, तब विपक्ष की बेचैनी और बढ़ जाएगी।
बलतेज पन्नू ने कहा कि नशा विरोधी अभियान का दूसरा चरण पहले से ज्यादा प्रभावी होगा, क्योंकि आज हर पंजाबी नशा मुक्त पंजाब चाहता है। उन्होंने कहा कि अगर कोई इस मुहिम से खुश नहीं है, तो वह सिर्फ विपक्ष है, क्योंकि नशे का खात्मा होते ही उनकी राजनीति की जमीन कमजोर हो जाएगी।
उन्होंने साफ कहा कि मान सरकार युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी हाल में नहीं बख्शेगी और नशे के खिलाफ यह लड़ाई पूरी ताकत से जारी रहेगी।


