अंबाला में नशे में पुलिसकर्मी की कार से ई-रिक्शा सवार युवती की मौत के मामले में मंत्री अनिल विज ने एसपी को कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। जनसमस्या सुनवाई में ठगी और अन्य शिकायतों पर भी कार्रवाई के आदेश दिए गए।
हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने अंबाला में नशे में धुत एक पुलिसकर्मी द्वारा ई-रिक्शा को टक्कर मारने से हुई 25 वर्षीय युवती की मौत के मामले में सख्त संज्ञान लेते हुए एसपी अंबाला को फोन कर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। मंत्री ने साफ कहा कि यदि जांच में यह साबित होता है कि पुलिसकर्मी नशे में गाड़ी चला रहा था, तो उसके खिलाफ कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई की जाए।
अनिल विज ने कहा, “पुलिस का काम नशे में गाड़ी चलाने वालों को रोकना है, यहां तो पुलिसकर्मी खुद नशे में गाड़ी चला रहा है।” उन्होंने यह भी कहा कि कानून सभी के लिए समान है और वर्दी किसी को कानून से ऊपर नहीं बनाती।
मंत्री अनिल विज अंबाला में जनसमस्याओं की सुनवाई कर रहे थे, इसी दौरान मृतका के परिजन उनके सामने पहुंचे और पुलिस पर ढुलमुल कार्रवाई का आरोप लगाया। परिजनों ने बताया कि आरोपी पुलिसकर्मी को अगले ही दिन जमानत मिल गई, जिससे उन्हें न्याय की उम्मीद कमजोर पड़ती दिख रही है। उनका कहना था कि आरोपी पुलिसकर्मी होने के कारण मामले में अब तक सख्ती नहीं बरती गई। इस पर मंत्री ने परिजनों को भरोसा दिलाया कि मामले की निष्पक्ष जांच होगी और दोषी के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।
बताया गया कि यह दर्दनाक हादसा अंबाला छावनी में जीटी रोड के पास मंगलवार रात करीब 8:30 बजे हुआ था। नशे में धुत कार चालक पुलिसकर्मी ने ई-रिक्शा को टक्कर मार दी, जिससे उसमें सवार युवती सड़क पर गिर गई और कार के नीचे कुचलकर उसकी मौके पर ही मौत हो गई। युवती गुरुग्राम में एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी करती थी और दिल्ली से अपने परिवार से मिलने अंबाला आ रही थी। उस समय उसका भाई भी उसी ई-रिक्शा में सवार था।
also read :39वें सूरजकुंड अंतरराष्ट्रीय आत्मनिर्भर महोत्सव का 15 फरवरी को भव्य समापन, राज्यपाल असीम कुमार घोष होंगे मुख्य अतिथि
जनसमस्या सुनवाई में अन्य मामलों पर भी कार्रवाई के निर्देश
अंबाला में जनसमस्या सुनवाई के दौरान मंत्री अनिल विज के सामने कई अन्य शिकायतें भी आईं।
सुंदर नगर की एक महिला ने प्लॉट बेचने के बाद 2.80 लाख रुपये बकाया न मिलने की शिकायत की, जिस पर मंत्री ने पड़ाव थाना पुलिस को कार्रवाई के निर्देश दिए।
बोह से आए एक युवक ने एजेंट द्वारा यूरोप भेजने के नाम पर करीब 6 लाख रुपये की ठगी का आरोप लगाया। युवक ने बताया कि एजेंट ने कुछ पैसे लौटाए, लेकिन अभी भी 4.86 लाख रुपये बाकी हैं। इस मामले में भी मंत्री ने पुलिस को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
इसके अलावा दलीपगढ़ निवासी युवक के साथ बैंक लोन के नाम पर 9.50 लाख रुपये की ठगी और कच्चा बाजार निवासी महिला के बिजली बिल से जुड़ी शिकायत पर भी संबंधित अधिकारियों को तुरंत कार्रवाई करने को कहा गया।
मंत्री अनिल विज ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनता की शिकायतों का समयबद्ध और निष्पक्ष समाधान किया जाए और किसी भी मामले में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


