केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह आगामी 24 दिसंबर को हरियाणा के पंचकूला के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के साथ विभिन्न महत्वपूर्ण सरकारी एवं सार्वजनिक कार्यक्रमों में सहभागिता करेंगे।
दौरे को लेकर तैयारियों का जायजा लेते हुए सूचना, जनसंपर्क, भाषा एवं संस्कृति विभाग के आयुक्त एवं सचिव डॉ. अमित अग्रवाल ने प्रस्तावित कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय पर और सुचारू रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, मंच सज्जा, मीडिया समन्वय तथा आमजन की सुविधा से जुड़ी तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई। डॉ. अग्रवाल ने अधिकारियों से कहा कि वीवीआईपी कार्यक्रम होने के कारण प्रत्येक स्तर पर समन्वय और अनुशासन सुनिश्चित किया जाए, ताकि कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।
प्रशासन ने केंद्रीय मंत्री के दौरे को लेकर सभी आवश्यक प्रबंध तेज कर दिए हैं और कार्यक्रमों को लेकर स्थानीय स्तर पर उत्साह का माहौल बना हुआ है।


