हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री श्री अनिल विज ने कहा है कि अम्बाला-शामली और अम्बाला-मोहाली एक्सप्रेस-वे के निर्माण से क्षेत्र की कनेक्टिविटी को नई गति मिलेगी और चंडीगढ़-मोहाली सहित कई शहरों तक पहुंच और अधिक सुगम हो जाएगी।
श्री अनिल विज ने जानकारी देते हुए बताया कि अम्बाला से शामली तक 121 किलोमीटर लंबे एक्सप्रेस-वे का निर्माण कार्य तेज़ी से प्रगति पर है और इसे दिसंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। यह एक्सप्रेस-वे आगे चलकर शामली से दिल्ली तक देहरादून-दिल्ली एक्सप्रेस-वे से जोड़ा जाएगा, जिससे उत्तर भारत के प्रमुख शहरों के बीच यात्रा समय में उल्लेखनीय कमी आएगी।
उन्होंने यह भी बताया कि अम्बाला-मोहाली एक्सप्रेस-वे का निर्माण भी तेजी से किया जा रहा है और इसके शीघ्र पूर्ण होने से चंडीगढ़, मोहाली और आसपास के क्षेत्रों में आवागमन और अधिक आसान हो जाएगा।
इस संबंध में श्री अनिल विज ने आज भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के अधिकारियों के साथ बैठक कर अम्बाला में चल रही विभिन्न राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की समीक्षा की और निर्देश दिए कि सभी परियोजनाएं तय समयसीमा में पूरी की जाएं ताकि आम जनता को शीघ्र लाभ मिल सके।
बैठक में एनएचएआई के परियोजना निदेशक पी.के. सिन्हा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। मंत्री ने विशेष रूप से अम्बाला रिंग रोड के निर्माण कार्य को जल्द पूरा करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि रिंग रोड बनने से अन्य राज्यों से आने वाले वाहन शहर में प्रवेश किए बिना सीधे आगे निकल सकेंगे, जिससे शहरी क्षेत्र में यातायात का दबाव कम होगा।
बैठक के दौरान शाहपुर और बाड़ा गांव में जल निकासी की समस्या तथा गांव सेपहड़ा के लोगों के लिए रिंग रोड तक रास्ता उपलब्ध कराने जैसे मुद्दों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। परियोजना निदेशक पी.के. सिन्हा ने बताया कि अम्बाला रिंग रोड का निर्माण भी दिसंबर 2026 तक पूरा कर लिया जाएगा।
श्री अनिल विज ने कहा कि सरकार का उद्देश्य बेहतर सड़क ढांचे के माध्यम से यात्रा को सुरक्षित, तेज़ और सुविधाजनक बनाना है, जिससे व्यापार, उद्योग और आम नागरिकों सभी को लाभ मिल सके।


