अम्बाला छावनी में पैदल यात्रियों की सुविधा के लिए एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन को जोड़ने के लिए जीटी रोड (एनएच-44) के नीचे आधुनिक सब-वे/अंडरपास के निर्माण को लेकर उत्तर रेलवे और राज्य परिवहन विभाग से आवश्यक अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) जारी कर दी गई है।
एनओसी मिलने के बाद हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री Anil Vij ने एनएचएआई, अम्बाला के परियोजना निदेशक को निर्माण कार्य शीघ्र शुरू करने के निर्देश दिए हैं। मंत्री ने स्पष्ट किया कि इस परियोजना का उद्देश्य यात्रियों, विशेषकर बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन उपलब्ध कराना है।
वर्तमान में बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन के बीच जीटी रोड पार करना यात्रियों के लिए जोखिमभरा और असुविधाजनक है। प्रस्तावित अंडरपास के निर्माण से न केवल सड़क दुर्घटनाओं की संभावना कम होगी, बल्कि यातायात का दबाव भी घटेगा।
मंत्री अनिल विज ने कहा कि यह परियोजना अम्बाला छावनी के विकास और यात्री सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक अहम कदम है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता और समय-सीमा का विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि आम जनता को जल्द से जल्द इसका लाभ मिल सके।
इस अंडरपास के बन जाने से अम्बाला छावनी क्षेत्र में यातायात व्यवस्था अधिक सुव्यवस्थित होगी और हजारों दैनिक यात्रियों को सीधा लाभ पहुंचेगा।


