गांव माजरा। केंद्रीय मंत्री श्री राव इंदरजीत सिंह ने गांव माजरा में निर्माणाधीन अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) का निरीक्षण किया। करीब 210 एकड़ क्षेत्र में ₹1700 करोड़ की लागत से बन रहे इस एम्स में 750 बेड की अत्याधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं विकसित की जा रही हैं।
निरीक्षण के दौरान केंद्रीय मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि मार्च 2026 तक ओपीडी सेवाएं शुरू की जाएं, ताकि क्षेत्र के लोगों को जल्द से जल्द उन्नत स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिल सके। उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा करते हुए गुणवत्ता और समयबद्धता पर विशेष जोर दिया।
बताया गया कि एम्स की शुरुआत में एमबीबीएस की 50 सीटें निर्धारित की गई हैं, जिससे क्षेत्र में चिकित्सा शिक्षा को भी बढ़ावा मिलेगा और भविष्य में स्वास्थ्य सेवाओं के साथ-साथ रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि एम्स के शुरू होने से न केवल आसपास के जिलों बल्कि पूरे क्षेत्र को विश्वस्तरीय चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होंगी। यह परियोजना स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।


