अगर शरीर में गांठ तेजी से बढ़ रही हो, दर्द हो या रंग बदल रहा हो, तो यह कैंसर का शुरुआती संकेत हो सकता है। जानें गांठ के लक्षण और इलाज में देरी से कैसे बचें।
शरीर में दिखने वाली हल्की गांठ अक्सर सामान्य यानी बेनाइन होती है, लेकिन यदि यह गांठ तेजी से बढ़ने लगे, रंग बदलने लगे या उसमें दर्द महसूस हो, तो यह अंदरूनी कैंसर का पहला संकेत हो सकता है। यदि आपके शरीर में कोई गांठ दिखाई देती है, तो घबराने की जरूरत नहीं है, लेकिन अगर वह गांठ तेजी से आकार बढ़ा रही हो या उसमें कोई बदलाव नजर आ रहा हो, तो यह गंभीर समस्या का संकेत हो सकता है। एक्सपर्ट्स के अनुसार, इस प्रकार के लक्षण लाइपोमा या फैट वाली गांठ के कैंसर में बदलने की शुरुआत हो सकते हैं।
क्या हो सकते हैं लक्षण?
कुछ विशेष लक्षण होते हैं, जो गांठ के कैंसर या किसी गंभीर बीमारी की ओर इशारा कर सकते हैं:
1. गांठ का आकार 5 सेंटीमीटर से ज्यादा बढ़ना
छोटी गांठें अक्सर सामान्य होती हैं, लेकिन अगर किसी गांठ का आकार नींबू से बड़ा हो या वह अचानक आकार में बदलाव दिखा रही हो, तो इसे तुरंत चेक करवाना जरूरी है।
2. गांठ की बनावट और रंग में बदलाव
अगर गांठ मुलायम और त्वचा जैसे रंग की है, तो आमतौर पर यह हानिकारक नहीं होती। लेकिन अगर गांठ सख्त हो, लाल या नीली दिखाई दे या त्वचा पर खिंचाव महसूस हो, तो यह गंभीर समस्या हो सकती है।
3. गांठ का तेजी से बढ़ना
अगर गांठ हफ्तों के अंदर दोगुनी हो जाती है, तो यह किसी गंभीर समस्या का संकेत हो सकता है। यह कैंसर या ट्यूमर के लक्षण हो सकते हैं।
4. गांठ में दर्द और आसपास के नसों में खिंचाव
अधिकतर गांठें दर्द रहित होती हैं, लेकिन अगर गांठ में दर्द हो या यह नसों, मांसपेशियों, या हड्डियों पर दबाव डाल रही हो, तो यह एक गंभीर समस्या हो सकती है।
5. गांठ से खून या मवाद निकलना
अगर गांठ से खून या पस निकल रहा हो, या वह गहरे लाल रंग की हो और अल्सर में बदल रही हो, तो यह सारकोमा जैसी गंभीर बीमारी का संकेत हो सकता है।
जांच और इलाज में देरी ना करें
गांठ की शुरुआत में जांच के लिए आमतौर पर अल्ट्रासाउंड स्कैन किया जाता है, जिससे यह समझा जा सकता है कि गांठ फैट से बनी है, संक्रमण है या ट्यूमर है। यदि रिपोर्ट संदिग्ध हो, तो आगे एमआरआई या पीईटी सीटी स्कैन की आवश्यकता हो सकती है। इससे गांठ की आंतरिक संरचना और उसके फैलाव की पूरी जानकारी मिलती है।
अगर आपकी त्वचा पर कोई गांठ दिखाई दे रही है जो लगातार बढ़ रही हो, उसमें रंग और बनावट में बदलाव आ रहा हो या वह दर्द दे रही हो, तो उसे नजरअंदाज ना करें। यह किसी गंभीर बीमारी की शुरुआत हो सकती है, जिसे जल्द से जल्द इलाज की आवश्यकता है।


