मुरादाबाद की अदालत ने बॉलीवुड अभिनेत्री अमीषा पटेल के खिलाफ 2017 के इवेंट कॉन्ट्रैक्ट विवाद मामले में गैर-जमानती वारंट जारी किया है। आयोजक पवन वर्मा ने भुगतान और चेक बाउंस को लेकर शिकायत दर्ज कराई थी, जबकि अमीषा पटेल ने मामले को पुराना और सेटल बताया है।
बॉलीवुड अभिनेत्री अमीषा पटेल की मुश्किलें एक बार फिर बढ़ गई हैं। मुरादाबाद की एक अदालत ने उनके खिलाफ गैर-जमानती वारंट (Non-Bailable Warrant) जारी कर दिया है। यह मामला साल 2017 में हुए एक कथित कॉन्ट्रैक्ट विवाद से जुड़ा हुआ है, जिसमें अभिनेत्री पर शादी के एक कार्यक्रम में शामिल न होने और भुगतान विवाद का आरोप है।
यह आदेश मुरादाबाद के अपर सिविल जज (जूनियर डिवीजन) की अदालत ने जारी किया है, जहां स्थानीय इवेंट आयोजक पवन वर्मा द्वारा दायर की गई शिकायत पर सुनवाई चल रही है। शिकायतकर्ता पवन वर्मा, जो डबल फाटक क्षेत्र के निवासी और एक इवेंट मैनेजमेंट कंपनी के मालिक बताए जाते हैं, ने आरोप लगाया है कि उन्होंने 16 नवंबर 2017 को मुरादाबाद में आयोजित एक शादी समारोह के लिए अमीषा पटेल को बुक किया था।
शिकायत के मुताबिक, यह कार्यक्रम आयुष अग्रवाल की शादी से जुड़ा था और इसके लिए अभिनेत्री को 14.50 लाख रुपये एडवांस के तौर पर दिए गए थे। आयोजक का दावा है कि अमीषा पटेल के ठहरने और खाने की पूरी व्यवस्था भी शहर के दिल्ली रोड स्थित एक होटल में कर दी गई थी। हालांकि, तय तारीख पर अभिनेत्री मुंबई से मुरादाबाद नहीं पहुंचीं और कार्यक्रम में शामिल नहीं हुईं।
इसके बाद, पवन वर्मा का कहना है कि अमीषा पटेल ने उन्हें पूरी रकम वापस करने का आश्वासन दिया था। शिकायत में बताया गया है कि 10 लाख रुपये नकद वापस किए गए, जबकि बाकी 4.50 लाख रुपये का चेक दिया गया, जो बाद में बाउंस हो गया। चेक बाउंस होने के बाद आयोजक ने अदालत का रुख किया और कानूनी कार्रवाई शुरू की।
कोर्ट की ओर से अमीषा पटेल को कई बार समन भेजे गए, लेकिन उनके पेश न होने के कारण अब अदालत ने उनकी मौजूदगी सुनिश्चित करने के लिए गैर-जमानती वारंट जारी कर दिया है। शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया है कि अभिनेत्री कानूनी प्रक्रिया से बचने की कोशिश कर रही हैं।
वहीं, इस पूरे मामले पर अमीषा पटेल ने सोशल मीडिया के जरिए अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने इसे एक “पुराना और सेटल हो चुका मामला” बताया है। अभिनेत्री ने कहा कि पवन वर्मा पहले ही समझौते पर साइन कर चुके हैं और पूरी तय रकम ले चुके हैं। इसके बावजूद, उनके खिलाफ कथित तौर पर झूठे आरोप लगाकर मामला फिर से उठाया जा रहा है।
अमीषा पटेल ने यह भी कहा है कि अब उनके वकील पवन वर्मा के खिलाफ धोखाधड़ी का आपराधिक मामला दर्ज कराने की तैयारी कर रहे हैं। उन्होंने लिखा कि वह इस विवाद से दूर रहकर अपने काम पर ध्यान देना चाहती हैं और इसे सिर्फ पब्लिसिटी के लिए बनाया गया मामला मानती हैं।
फिलहाल, मुरादाबाद कोर्ट के इस आदेश के बाद यह मामला एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है और अब सभी की नजरें इस पर टिकी हैं कि आगे की कानूनी प्रक्रिया में क्या मोड़ आता है।


