हरियाणा के शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा ने बोर्ड परीक्षाओं से पहले विद्यार्थियों से तनाव न लेने और आत्मविश्वास के साथ परीक्षा देने की अपील की। उन्होंने स्वस्थ दिनचर्या, सकारात्मक सोच और शांत मन से परीक्षा देने की सलाह दी।
हरियाणा के शिक्षा मंत्री श्री महीपाल ढांडा ने आगामी बोर्ड परीक्षाओं से पहले विद्यार्थियों को महत्वपूर्ण संदेश देते हुए कहा है कि बोर्ड परीक्षाएं केवल किताबों से अर्जित ज्ञान की परीक्षा नहीं होतीं, बल्कि यह आत्मविश्वास, परिश्रम, अनुशासन और साहस की भी सच्ची कसौटी होती हैं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों ने पूरे वर्ष अपने अध्यापकों के मार्गदर्शन में कड़ी मेहनत की है और अब समय है अपनी तैयारी और क्षमता पर पूरा भरोसा रखने का।
शिक्षा मंत्री ने छात्रों से अपील की कि परीक्षा के दौरान शांत, संयमित और धैर्यवान रहें और किसी भी प्रकार के तनाव या घबराहट को अपने ऊपर हावी न होने दें। उन्होंने कहा कि सकारात्मक सोच बनाए रखना और आत्मविश्वास के साथ प्रश्नपत्र का सामना करना ही सफलता की कुंजी है। यदि कोई प्रश्न कठिन लगे तो पहले आसान प्रश्नों को हल करें और फिर शेष प्रश्नों पर ध्यान केंद्रित करें।
मंत्री ढांडा ने विद्यार्थियों को अपनी सेहत का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि परीक्षा के दिनों में पर्याप्त नींद, संतुलित और पौष्टिक आहार तथा पर्याप्त मात्रा में पानी पीना बेहद जरूरी है, क्योंकि स्वस्थ शरीर और शांत मन ही अच्छे परिणाम दिला सकते हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि असफलता के डर को मन में जगह न दें, क्योंकि सच्ची सफलता निरंतर प्रयास और आत्मविश्वास से ही मिलती है। प्रत्येक परीक्षा जीवन की एक नई सीढ़ी होती है, जो आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करती है।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि हरियाणा के विद्यार्थी प्रदेश की शान और देश का उज्ज्वल भविष्य हैं। उन्हें पूरा विश्वास है कि सभी छात्र उत्कृष्ट प्रदर्शन करेंगे और अपने माता-पिता व शिक्षकों का नाम रोशन करेंगे। अंत में उन्होंने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि उनकी शुभकामनाएं सदैव छात्रों के साथ हैं।


