महेंद्रगढ़ में 15 खेलों के लिए खेलो इंडिया सेंटर खुलेंगे। स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया ने देशभर में 139 नए केंद्रों को मंजूरी दी है। इससे युवा खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और अवसर मिलेंगे।
स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया ने देशभर में 139 नए केंद्रों को दी मंजूरी, जिले में ताइक्वांडो से लेकर गोल्फ तक की होगी ट्रेनिंग
राज्य में खेल प्रतिभाओं को निखारने और भविष्य के ओलंपिक चैंपियनों को तैयार करने की दिशा में सरकार ने एक अहम कदम उठाया है। स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (SAI) ने देशभर में 139 अतिरिक्त खेलो इंडिया सेंटर खोलने की मंजूरी दी है। इसी पहल के तहत महेंद्रगढ़ जिले में 15 अलग-अलग खेल विधाओं के लिए भी खेलो इंडिया सेंटर स्थापित किए जाएंगे।
खेल विभाग के एक प्रवक्ता ने बताया कि जिले में जिन 15 खेलों के लिए केंद्र खोले जाएंगे, उनमें ताइक्वांडो, वुशु, कराटे, जिउ-जित्सु, कुराश, रोइंग, कयाकिंग और कैनोइंग, सेलिंग, शूटिंग, साइक्लिंग, जिम्नास्टिक्स, सेपक टकरॉ, घुड़सवारी (इक्वेस्ट्रियन), स्क्वैश और गोल्फ शामिल हैं।
also read :“विकसित उद्योग, विकसित श्रमिक” पर रहेगा सरकार का फोकस: सीएम नायब सिंह सैनी
उन्होंने आगे बताया कि इन केंद्रों की स्थापना के लिए उन संस्थानों को प्राथमिकता दी जाएगी, जिनके पास पर्याप्त खेल मैदान और आधुनिक प्रशिक्षण ढांचा उपलब्ध होगा। इसके साथ ही, जिन संस्थानों में खिलाड़ियों के लिए आवासीय (बोर्डिंग) सुविधा है और जिनका खेल विकास व खिलाड़ियों के प्रदर्शन में उत्कृष्ट रिकॉर्ड रहा है, उन्हें भी वरीयता दी जाएगी।
प्रवक्ता ने यह भी कहा कि इस सरकारी योजना का एक प्रमुख उद्देश्य पूर्व चैंपियन खिलाड़ियों को रोजगार और कोचिंग के अवसर उपलब्ध कराना भी है, ताकि उनका अनुभव नई पीढ़ी के खिलाड़ियों के काम आ सके। इच्छुक संस्थान या पात्र खिलाड़ी नेताजी सुभाष चंद्र बोस स्टेडियम स्थित जिला खेल कार्यालय में अपने आवेदन जमा कर सकते हैं।
सरकार का मानना है कि इन केंद्रों की स्थापना से महेंद्रगढ़ और आसपास के क्षेत्रों के युवाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा और राज्य में खेल संस्कृति को और मजबूती मिलेगी।


