हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने एक ही दिन में 18 योजनाओं के तहत 1,431 करोड़ रुपये जारी किए, जिससे 56 लाख से अधिक लाभार्थियों को सीधा लाभ मिला। पेंशन, लाडो लक्ष्मी और गैस सब्सिडी समेत कई योजनाओं को मिला फायदा।
हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने मंगलवार को प्रदेशवासियों को बड़ी राहत देते हुए एक ही दिन में 18 विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत करीब 1,431 करोड़ रुपये की राशि सीधे लाभार्थियों के खातों में जारी की। इस पहल से राज्य के लगभग 56 लाख 34 हजार लाभार्थियों को सीधा आर्थिक लाभ मिला है।
चंडीगढ़ में आयोजित एक प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि योजनाओं का लाभ बिना किसी बिचौलिये के सीधे पात्र लोगों तक पहुंचे। उन्होंने बताया कि आज जारी की गई राशि में दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना की चौथी किस्त, विभिन्न सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाएं, हर घर-हर गृहिणी योजना के तहत गैस सिलेंडर सब्सिडी और मुख्यमंत्री दुग्ध उत्पादक प्रोत्साहन योजना के भुगतान शामिल हैं।
इस अवसर पर सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा, कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री श्याम सिंह राणा और सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री श्री कृष्ण कुमार बेदी भी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री ने बताया कि दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना के तहत आज 9,22,452 महिला लाभार्थियों के खातों में 193 करोड़ रुपये सीधे ट्रांसफर किए गए हैं। अब तक इस योजना के तहत चार किस्तों में कुल 634 करोड़ रुपये जारी किए जा चुके हैं। इस योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की महिलाओं को सशक्त बनाना है। इसके अंतर्गत पात्र महिलाओं को हर महीने 2,100 रुपये की सहायता दी जाती है, जिसमें से 1,100 रुपये सीधे उनके खाते में और 1,000 रुपये सरकार द्वारा संचालित फिक्स्ड डिपॉजिट खाते में जमा किए जाते हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि पंडित दीन दयाल उपाध्याय की 109वीं जयंती पर 25 सितंबर 2025 को लॉन्च किए गए दीन दयाल लाडो लक्ष्मी मोबाइल ऐप के जरिए 10,51,029 महिलाओं ने आवेदन किया था, जिनमें से 9,22,452 महिलाएं पात्र पाई गईं।
उन्होंने कहा कि आज ही के दिन बुढ़ापा, विधवा, दिव्यांग और अन्य सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के तहत 1,098 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं, जिससे 34.14 लाख लाभार्थियों को सीधा फायदा पहुंचा है। मुख्यमंत्री ने पेंशन से जुड़ी शिकायतों और आय आधारित पात्रता संबंधी समस्याओं का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार इनका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करेगी। इसके लिए सभी जिलों के एडीसी को निर्देश दिए गए हैं कि वे सप्ताह में दो दिन, सोमवार और वीरवार को इन मामलों का निपटारा करें।
मुख्यमंत्री ने बताया कि हर घर-हर गृहिणी योजना के तहत नवंबर और दिसंबर माह के लिए एलपीजी सिलेंडर रिफिल कराने वाली 12.62 लाख महिलाओं को 38.97 करोड़ रुपये की सब्सिडी जारी की गई है। इस योजना के तहत अब तक 14.38 लाख महिलाओं को कुल 223.31 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए जा चुके हैं। इसके अलावा मुख्यमंत्री दुग्ध उत्पादक प्रोत्साहन योजना के तहत 36,000 लाभार्थियों को 101 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि हर पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचे और किसी भी शिकायत का समाधान तय समयसीमा में किया जाए। उन्होंने दोहराया कि जनकल्याण और पारदर्शिता राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री के मुख्य प्रधान सचिव श्री राजेश खुल्लर, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री राजा शेखर वुंडरू, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव श्रीमती जी. अनुपमा, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव श्री अरुण कुमार गुप्ता, सहकारिता विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री विजयेंद्र कुमार और मुख्यमंत्री के मीडिया सचिव श्री प्रवीन आत्रेय भी उपस्थित रहे।


