सोनीपत में स्कूल के वार्षिक समारोह में राज्य मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि वार्षिक समारोह विद्यार्थियों की प्रतिभा और संस्कारों का आईना होता है। उन्होंने युवाओं से विकसित भारत 2047 के संकल्प को साकार करने का आह्वान किया।
हरियाणा के खेल एवं युवा अधिकारिता राज्य मंत्री श्री गौरव गौतम ने कहा कि वार्षिक समारोह विद्यार्थियों के लिए केवल एक सांस्कृतिक कार्यक्रम नहीं होता, बल्कि यह उनकी प्रतिभा, संस्कार, अनुशासन और जीवन मूल्यों का सजीव प्रतिबिंब होता है। ऐसे आयोजनों के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी छिपी हुई क्षमताओं को सामने लाने का अवसर मिलता है और उनका आत्मविश्वास भी बढ़ता है।
राज्य मंत्री सोमवार को सोनीपत स्थित एक निजी स्कूल के वार्षिक समारोह में बतौर मुख्य अतिथि विद्यार्थियों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ खेलों में भी आगे बढ़ने और नशे जैसी बुराइयों से दूर रहने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर और स्वस्थ मन ही एक मजबूत राष्ट्र की नींव रखते हैं, और इसके लिए युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों से जुड़ना बेहद जरूरी है।
श्री गौरव गौतम ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने देश के युवाओं के सामने ‘विकसित भारत 2047’ का जो संकल्प रखा है, उसे साकार करने की सबसे बड़ी जिम्मेदारी आज की युवा पीढ़ी पर है। उन्होंने विश्वास जताया कि वर्ष 2047 तक भारत न केवल दुनिया की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्थाओं में शामिल होगा, बल्कि एक वैश्विक महाशक्ति के रूप में भी अपनी पहचान बनाएगा। इस उपलब्धि का श्रेय आज के विद्यार्थियों और युवाओं को जाएगा, जो शिक्षा, तकनीक, स्वास्थ्य और नवाचार के क्षेत्रों में देश का नेतृत्व करेंगे।
राज्य मंत्री ने कहा कि हरियाणा आज पूरे देश और दुनिया में खेलों के लिए विशेष पहचान बना चुका है। उन्होंने बताया कि देश की कुल आबादी में हरियाणा की हिस्सेदारी मात्र करीब 2 प्रतिशत है, लेकिन इसके बावजूद राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मिलने वाले 70 प्रतिशत से अधिक पदक हरियाणा के खिलाड़ी जीतते हैं। यह प्रदेश के युवाओं की मेहनत, अनुशासन और समर्पण का प्रमाण है।
उन्होंने पुरानी कहावत का जिक्र करते हुए कहा कि पहले कहा जाता था, “पढ़ोगे लिखोगे बनोगे नवाब, खेलोगे कूदोगे बनोगे खराब”, लेकिन हरियाणा के युवाओं ने इस सोच को बदलकर यह सिद्ध कर दिया है कि “पढ़ोगे लिखोगे बनोगे नवाब और खेलोगे कूदोगे बनोगे लाजवाब।” आज प्रदेश के खिलाड़ी देश का नाम रोशन कर रहे हैं और नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा बन रहे हैं।
श्री गौतम ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार प्रदेश को नशा मुक्त और खेल युक्त बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे से दूर रखने और उन्हें सकारात्मक दिशा देने का सबसे प्रभावी माध्यम खेल हैं। सरकार खेल ढांचे को मजबूत करने, खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं देने और युवाओं को आगे बढ़ने के अवसर प्रदान करने के लिए लगातार काम कर रही है।
उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे शिक्षा के साथ-साथ खेल, संस्कृति और सामाजिक जिम्मेदारियों में भी सक्रिय भागीदारी निभाएं, ताकि वे न केवल अपने परिवार और प्रदेश, बल्कि पूरे देश का नाम रोशन कर सकें।


