हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा है कि हरियाणा आज देश ही नहीं, बल्कि विदेशों के निवेशकों की भी पहली पसंद बन चुका है। राज्य सरकार द्वारा लागू की गई उद्योग-हितैषी नीतियों, मजबूत ‘ईज ऑफ डूइंग बिजनेस’ व्यवस्था और पारदर्शी प्रशासनिक ढांचे के कारण हरियाणा निवेश के लिए एक विश्वसनीय और अनुकूल राज्य के रूप में उभरा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य केवल निवेश आकर्षित करना ही नहीं, बल्कि उसके माध्यम से बड़े पैमाने पर रोजगार सृजन और संतुलित औद्योगिक विकास सुनिश्चित करना है।
मुख्यमंत्री ने जानकारी देते हुए बताया कि पिछले 11 वर्षों में प्रदेश में 12.92 लाख से अधिक सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (MSME) इकाइयाँ स्थापित की गई हैं। इन इकाइयों के माध्यम से प्रदेश के करीब 49 लाख युवाओं को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार मिला है। उन्होंने कहा कि MSME क्षेत्र हरियाणा की औद्योगिक अर्थव्यवस्था की रीढ़ है और सरकार इस क्षेत्र को और सशक्त करने के लिए लगातार नीतिगत सुधार कर रही है।
श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि सरकार का विशेष ध्यान क्षेत्रीय संतुलन पर है, ताकि औद्योगिक विकास केवल कुछ चुनिंदा जिलों तक सीमित न रहे, बल्कि प्रदेश के हर कोने तक पहुंचे। इसी उद्देश्य के तहत विभिन्न क्षेत्रों में इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग टाउनशिप (IMT) और औद्योगिक क्लस्टर विकसित किए जा रहे हैं। इससे न केवल स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ रहे हैं, बल्कि आसपास के क्षेत्रों का समग्र आर्थिक विकास भी हो रहा है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि आईएमटी खरखौदा में मारुति सुजुकी का देश का सबसे बड़ा ऑटोमोबाइल प्लांट स्थापित किया जा रहा है, जो हरियाणा के औद्योगिक मानचित्र में एक नया अध्याय जोड़ने वाला है। इसके साथ ही सुजुकी मोटरसाइकिल तथा यूएन मिंडा ग्रुप का एलॉय व्हील प्लांट भी प्रदेश में स्थापित हो रहा है। इन बड़ी परियोजनाओं से हजारों युवाओं को प्रत्यक्ष रोजगार मिलेगा, जबकि सहायक उद्योगों और सेवा क्षेत्रों के माध्यम से अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे।
उन्होंने कहा कि सरकार ने उद्योगों को समयबद्ध मंजूरी, ऑनलाइन सिंगल-विंडो सिस्टम, बेहतर बुनियादी ढांचा, सड़क और बिजली की सुचारू व्यवस्था उपलब्ध कराकर निवेशकों का भरोसा जीता है। इसके परिणामस्वरूप हरियाणा आज ऑटोमोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक्स, मैन्युफैक्चरिंग, लॉजिस्टिक्स और MSME क्षेत्रों में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने विश्वास जताया कि आने वाले वर्षों में हरियाणा औद्योगिक विकास और रोजगार सृजन के क्षेत्र में देश के अग्रणी राज्यों में अपनी स्थिति और मजबूत करेगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार “विकसित हरियाणा – सशक्त भारत” के संकल्प के साथ निरंतर कार्य कर रही है और उद्योगों के माध्यम से प्रदेश के युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।


