जिले के लोगों के लिए स्वास्थ्य सुविधाओं के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण और राहतभरी पहल के तहत अटेली स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तथा कनीना के उपमंडल स्तरीय नागरिक अस्पताल में फर्स्ट रेफरल यूनिट (एफआरयू) के साथ ब्लड स्टोरेज यूनिट स्थापित की जाएगी। इस संबंध में आवश्यक प्रक्रियाएं अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं और शीघ्र ही इन इकाइयों के संचालन का मार्ग प्रशस्त होने वाला है।
इस बारे में जानकारी देते हुए प्रदेश की स्वास्थ्य मंत्री श्रीमती आरती सिंह राव ने कहा कि ब्लड स्टोरेज यूनिट के शुरू होने से जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध हो सकेगा। उन्होंने कहा कि विशेष रूप से आपातकालीन परिस्थितियों, दुर्घटनाओं और प्रसव से जुड़ी जटिलताओं के मामलों में यह सुविधा जीवन रक्षक साबित होगी। अब मरीजों को रक्त की व्यवस्था के लिए दूर के अस्पतालों या ब्लड बैंकों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा, जिससे बहुमूल्य समय की बचत होगी।
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि अटेली और कनीना क्षेत्र में लंबे समय से ब्लड स्टोरेज यूनिट की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। ग्रामीण और अर्ध-शहरी क्षेत्रों में कई बार समय पर रक्त न मिलने के कारण मरीजों को गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ता था। सरकार की इस पहल से क्षेत्र के हजारों लोगों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।
उन्होंने कहा कि फर्स्ट रेफरल यूनिट के साथ ब्लड स्टोरेज यूनिट की स्थापना से इन अस्पतालों में उपचार की गुणवत्ता और क्षमता दोनों में वृद्धि होगी। खासकर गर्भवती महिलाओं के लिए यह सुविधा अत्यंत महत्वपूर्ण है, क्योंकि प्रसव के दौरान रक्त की आवश्यकता पड़ने पर तुरंत उपलब्धता से मातृ मृत्यु दर को कम करने में मदद मिलेगी।
स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने यह भी कहा कि प्रदेश सरकार स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। ग्रामीण क्षेत्रों तक आधुनिक और आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। इसी दिशा में अस्पतालों में बुनियादी ढांचे का विस्तार, आधुनिक उपकरणों की उपलब्धता और स्वास्थ्य कर्मियों की तैनाती सुनिश्चित की जा रही है।
स्थानीय नागरिकों और जनप्रतिनिधियों ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि ब्लड स्टोरेज यूनिट की स्थापना से क्षेत्र के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। उनका कहना है कि आपात स्थिति में समय पर इलाज मिलना जीवन और मृत्यु के बीच का अंतर तय करता है, और यह सुविधा कई जिंदगियों को बचाने में सहायक होगी।
अंत में स्वास्थ्य मंत्री ने विश्वास जताया कि अटेली और कनीना में स्थापित होने वाली ब्लड स्टोरेज यूनिट स्वास्थ्य सेवाओं को नई दिशा देंगी और महेंद्रगढ़ जिले को बेहतर चिकित्सा सुविधाओं की ओर अग्रसर करेंगी।


