मंत्रिमंडल बैठक में महिला सशक्तिकरण को और अधिक मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना का दायरा बढ़ाते हुए अधिक से अधिक पात्र महिलाओं को इसका लाभ देने का फैसला किया गया है।
सरकार के अनुसार, अब एक लाख रुपये से कम वार्षिक आय वाले परिवारों की महिलाओं के साथ-साथ 10वीं और 12वीं कक्षा में 80 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले बच्चों की माताओं को भी इस योजना के अंतर्गत शामिल किया जाएगा। इससे मेधावी विद्यार्थियों को प्रोत्साहन मिलने के साथ उनकी माताओं को आर्थिक संबल प्राप्त होगा।
इसके अतिरिक्त, निपुण योजना के तहत कुपोषण और एनीमिया से बच्चों को बाहर लाने में योगदान देने वाली महिलाओं को भी योजना का लाभ दिया जाएगा। इस श्रेणी में 1.80 लाख रुपये तक वार्षिक आय वाले परिवारों की महिलाएं पात्र होंगी।
सरकार ने स्पष्ट किया कि इन फैसलों का उद्देश्य महिलाओं की आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ करना, बच्चों के पोषण और शिक्षा को बढ़ावा देना तथा समाज में सकारात्मक बदलाव लाना है। मंत्रिमंडल के इन निर्णयों को महिला एवं बाल कल्याण की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है, जिससे प्रदेश की हजारों महिलाओं और परिवारों को सीधा लाभ मिलेगा।


