हरियाणा के खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम के निर्देश पर खेल विभाग ने अनुशासनहीनता के खिलाफ सख्त कदम उठाया है। झज्जर जिले के खरहर क्षेत्र में बच्चों को नियमित प्रशिक्षण न देने और ड्यूटी में लापरवाही बरतने के आरोप में कोच अजय राठी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
खेल विभाग द्वारा की गई जांच में यह सामने आया कि संबंधित कोच द्वारा खिलाड़ियों की ट्रेनिंग में गंभीर लापरवाही की जा रही थी, जिससे बच्चों के खेल विकास पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा था। इसके बाद मंत्री के आदेश पर विभाग ने कार्रवाई करते हुए कोच को सस्पेंड कर दिया।
इस संबंध में खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि सरकार खिलाड़ियों के हितों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा, “किसी भी प्रशिक्षक द्वारा ड्यूटी में लापरवाही या खिलाड़ियों के साथ दुर्व्यवहार को बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। खिलाड़ियों के भविष्य से कोई समझौता नहीं होगा।”
मंत्री ने यह भी कहा कि प्रदेश में खेल प्रतिभाओं को बेहतर प्रशिक्षण, अनुशासित माहौल और पारदर्शी व्यवस्था उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। ऐसे मामलों में आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी ताकि खिलाड़ियों को गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण और सुरक्षित वातावरण मिल सके।


