हरियाणा विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दौरान विपक्ष द्वारा लाए गए अविश्वास प्रस्ताव पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए वन एवं पर्यावरण मंत्री Rao Narbir Singh ने इसे विपक्ष की राजनीतिक हताशा और गैर-जिम्मेदाराना रवैये का प्रतीक बताया।
मंत्री राव नरबीर सिंह ने विधानसभा में कहा कि पिछले 14 महीनों से पूर्ण बहुमत के साथ सुचारु रूप से चल रही सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाना विपक्ष की निराशा को दर्शाता है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में अविश्वास प्रस्ताव का आधार संख्याबल और जनसमर्थन होता है, न कि राजनीतिक भ्रम या आधारहीन आरोप।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार जनता से किए गए वादों को पूरी प्रतिबद्धता के साथ पूरा कर रही है और विकास, सुशासन तथा जनकल्याण की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है। ऐसे में विपक्ष द्वारा लाया गया अविश्वास प्रस्ताव न तो तथ्यों पर आधारित है और न ही इसका कोई लोकतांत्रिक औचित्य है।
राव नरबीर सिंह ने आगे कहा कि जनता सब देख रही है और विपक्ष को सदन के समय का उपयोग रचनात्मक सुझावों और जनहित के मुद्दों पर चर्चा के लिए करना चाहिए, न कि राजनीतिक स्टंट के लिए। सरकार अपने कार्यों और जनसमर्थन के बल पर पूरी तरह मजबूत है और ऐसे प्रस्तावों से विचलित होने वाली नहीं है।


