चंडीगढ़। मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने आबकारी एवं कराधान विभाग की कार्यप्रणाली की समीक्षा करते हुए राजस्व प्रदर्शन और जीएसटी, वैट व आबकारी से जुड़े डिजिटल सुधारों की प्रगति का आकलन किया। बैठक में विभागीय अधिकारियों ने राजस्व संग्रह की स्थिति, तकनीकी सुधारों और पारदर्शिता बढ़ाने के लिए किए जा रहे प्रयासों की विस्तृत जानकारी दी।
मुख्यमंत्री को अवगत कराया गया कि हरियाणा ने नेट एसजीएसटी (SGST) संग्रह में 21 प्रतिशत की उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की है, जो देश में सर्वोच्च प्रदर्शन है। मुख्यमंत्री ने इस उपलब्धि के लिए विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों की सराहना की।
मुख्यमंत्री श्री सैनी ने कहा कि डिजिटल सुधारों के माध्यम से कर प्रणाली को अधिक पारदर्शी, सरल और करदाताओं के अनुकूल बनाया जा रहा है। उन्होंने निर्देश दिए कि तकनीक के प्रभावी उपयोग से कर चोरी पर रोक लगाई जाए और राजस्व संग्रह को और मजबूत किया जाए।
उन्होंने यह भी कहा कि मजबूत राजस्व आधार राज्य के विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं और बुनियादी ढांचे के सुदृढ़ीकरण में अहम भूमिका निभाता है। मुख्यमंत्री ने विभाग को भविष्य में भी इसी तरह बेहतर प्रदर्शन बनाए रखने के निर्देश दिए।


