हरियाणा सरकार को स्वच्छ वायु और सतत विकास के क्षेत्र में बड़ी सफलता मिली है। विश्व बैंक ने Haryana Clean Air Project for Sustainable Development (HCAPSD) के लिए ₹2600 करोड़ की वित्तीय सहायता को स्वीकृति प्रदान की है। यह परियोजना राज्य में स्वच्छ वायु, कृषि अपशिष्ट प्रबंधन, परिवहन और उद्योगों में स्वच्छ तकनीकों के विस्तार को नई गति देगी।
सरकार के अनुसार, यह परियोजना कुल ₹3800 करोड़ के परिव्यय से क्रियान्वित की जाएगी, जिसमें हरियाणा सरकार की ₹1200 करोड़ की वित्तीय भागीदारी शामिल है। इस व्यापक पहल का उद्देश्य राज्य में जीवन स्तर सुधारना, पर्यावरणीय प्रदूषण कम करना और सतत विकास के लक्ष्यों को आगे बढ़ाना है।
सरकार ने बताया कि इस स्वीकृति से राज्य में वायु गुणवत्ता में सुधार के लिए उन्नत तकनीकों का उपयोग, पराली प्रबंधन के बेहतर समाधान, पर्यावरण-अनुकूल परिवहन को बढ़ावा तथा उद्योगों में आधुनिक प्रदूषण-नियंत्रण उपायों का व्यापक विस्तार संभव होगा।
प्रदेश सरकार ने कहा है कि हरियाणा बेहतर जीवन गुणवत्ता और सतत विकास सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है, और यह परियोजना उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।


