पंचकुला। हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने इंडिया इंटरनेशनल साइंस फेस्टिवल 2025 में शिरकत की और स्टूडेंट साइंस एंड टेक्नोलॉजी विलेज का विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि हरियाणा को दूसरी बार इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय विज्ञान महोत्सव की मेजबानी का अवसर मिला है, जो राज्य के लिए गर्व का विषय है।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि यह महोत्सव विज्ञान, स्टार्टअप्स और नए भारत के सपनों का सशक्त संगम है। उन्होंने बताया कि इस प्रकार के कार्यक्रम युवाओं में वैज्ञानिक सोच, नवाचार और उद्यमिता को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
सीएम नायब सैनी ने कहा कि स्टूडेंट साइंस एंड टेक्नोलॉजी विलेज के माध्यम से विद्यार्थियों को प्रयोग, शोध और आधुनिक तकनीकों से सीधे जुड़ने का अवसर मिलेगा, जिससे उन्हें अपनी प्रतिभा को निखारने और भविष्य के लिए तैयार होने में सहायता मिलेगी।
समारोह में देश-विदेश से आए वैज्ञानिकों, विशेषज्ञों, स्टार्टअप प्रतिनिधियों, शिक्षाविदों और बड़ी संख्या में छात्रों ने भाग लिया। इंडिया इंटरनेशनल साइंस फेस्टिवल 2025 को विज्ञान को जन-जन तक पहुंचाने और भारत को नवाचार की अग्रणी शक्ति बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।


