पंचकूला। पंचकूला में 11वें इंडिया इंटरनेशनल साइंस फेस्टिवल (IISF 2025) का भव्य शुभारंभ किया गया। केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने फेस्टिवल का विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री श्री कृष्ण बेदी भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
उद्घाटन सत्र में विज्ञान, नवाचार और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में देश की प्रगति पर प्रकाश डाला गया। केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा कि इंडिया इंटरनेशनल साइंस फेस्टिवल युवा प्रतिभाओं को वैज्ञानिक सोच से जोड़ने और नवाचार को प्रोत्साहित करने का सशक्त मंच है।
फेस्टिवल के पहले सत्र का मुख्य आकर्षण भारतीय अंतरिक्ष यात्री सुभांशु शुक्ला के साथ आयोजित इंटरैक्टिव सेशन रहा। इस सत्र में छात्रों और युवाओं ने अंतरिक्ष विज्ञान, मिशनों और भविष्य की संभावनाओं को लेकर सवाल पूछे, जिनका सुभांशु शुक्ला ने उत्साहपूर्वक जवाब दिया।
IISF 2025 के दौरान विज्ञान और प्रौद्योगिकी से जुड़े विविध विषयों पर तकनीकी सत्र, प्रदर्शनियां और संवाद आयोजित किए जाएंगे, जिनमें देश-विदेश के वैज्ञानिक, शोधकर्ता और विद्यार्थी भाग लेंगे। यह आयोजन विज्ञान को जन-आंदोलन बनाने और भारत को वैश्विक विज्ञान मानचित्र पर और मजबूत करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।


