पंचकूला। हरियाणा में विज्ञान, नवाचार और प्रौद्योगिकी का सबसे बड़ा आयोजन होने जा रहा है। इंडिया इंटरनेशनल साइंस फेस्टिवल (IISF)-2025 इस बार पंचकूला में 6 से 9 दिसंबर तक आयोजित किया जाएगा। विज्ञान जगत और युवा प्रतिभाओं के लिए यह आयोजन किसी महाकुंभ से कम नहीं माना जा रहा।
इस वर्ष के उत्सव का थीम “विज्ञान से समृद्धि: फॉर आत्मनिर्भर भारत” तय किया गया है, जो देश में वैज्ञानिक सोच को बढ़ावा देते हुए तकनीकी आत्मनिर्भरता की दिशा में नए आयाम स्थापित करेगा।
IISF-2025 में देश-विदेश से वैज्ञानिक, शोधकर्ता, छात्र, उद्योग जगत के विशेषज्ञ और विज्ञान संचारक भाग लेंगे। आयोजन में विज्ञान प्रदर्शनी, टेक्नोलॉजी शोकेस, नवाचार स्टॉल, युवा वैज्ञानिक सम्मेलन और कई इंटरएक्टिव सत्र आयोजित किए जाएंगे।
हरियाणा सरकार और केंद्र सरकार के संयुक्त प्रयासों से होने वाला यह महोत्सव प्रदेश में विज्ञान एवं अनुसंधान को नए आयाम देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
पंचकूला प्रशासन ने भी महोत्सव की तैयारियों को तेज कर दिया है, ताकि प्रतिभागियों को एक विश्वस्तरीय अनुभव प्रदान किया जा सके।


